
राजधानी में कोरोना के मामलों में गिरावट को देखते हुए 4 फरवरी यानि कि शुक्रवार को होने वाली दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की बैठक में नाइट कर्फ्यू हटाने और स्कूलों को फिर से खोलने पर चर्चा होने की उम्मीद है। बता दें कि दिल्ली में 13 जनवरी को covid-19 के 28,867 नए मामले सामने आए थे, जिसके बाद से संक्रमण के नए मामले घट रहे हैं। राजधानी में 14 जनवरी को संक्रमण की दर 30.6 प्रतिशत पर पहुंच गयी थी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक DDMA की शुक्रवार को होने वाली बैठक में नाइट कर्फ्यू हटाने, स्कूलों को फिर से खोलने के अलावा जिम और स्पा को खोलने की अनुमति देने समेत कई अन्य पाबंदियां हटाने पर चर्चा होने की संभावना है। DDMA कार में अनिवार्य रूप से मास्क लगाने के नियम की समीक्षा भी कर सकती है। दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट ने अकेले गाड़ी चलाते समय मास्क पहनना अनिवार्य बनाने वाले नियम को ‘बेतुका’ करार दिया था और सरकार से पूछा था कि यह नियम अभी भी प्रचलित क्यों है।
Source News: punjabkesari
