
फरीदाबाद : नगर निगम में शामिल किए गए तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव में विकास को लेकर विधायक राजेश नागर ने विभागीय अधिकारियों संग अपने निवास पर बैठक की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह इन गांव में सीवर, सड़क, पानी और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
उन्होंने बताया कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र के भतौला, तिलपत, मिर्जापुर, नीमका व अन्य गांव को शहर जैसी सुविधाएं देना नगर निगम, बिजली निगम आदि विभागों की जिम्मेदारी है। विधायक ने कहा कि उनकी इस बाबत मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बातचीत हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा है कि प्रदेश में विकास कार्य के लिए पैसे की कमी नहीं है। उन्होंने पूरे तिगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए भरपूर धनराशि जारी करने की बात कही है। मुख्यमंत्री का तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विकास पर पूरा ध्यान है और वह उनकी मांग को प्राथमिकता से पूरा कर रहे हैं। विधायक राजेश नागर ने बैठक में जल जीवन मिशन के तहत डाले जा रहे सीवर लाइन की योजना को भी तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सीवर की लाइनें डाली जा रही हैं, वहां जल्द गलियों को बनाने का काम किया जाए। उन्होंने तिगांव में पेयजल लाइन डालने के काम को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम के अधीक्षण अभियंता ओमबीर, कार्यकारी अभियंता ओमदत्त, रेनीवेल योजना के एसडीओ सुरेंद्र खट्टर, भाजपा नेता गिर्राज शर्मा, लोकेश बैसला, प्रहलाद शर्मा, शिशु अवाना, सुमन चंदेल, ब्रजेश ठाकुर, वासुदेव शर्मा मौजूद रहे।
Source News: jagran
