
दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 होने में अभी समय है, लेकिन सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बाद कांग्रेस ने भी इसके लिए कमर कस ली है। भाजपा-आम आदमी पार्टी की तर्ज पर कांग्रेस भी तीनों नगर निगमों के चुनाव में तैयारी में जुट गई है। कहा जा रहा है कि इस बार कांग्रेस सत्तासीन आम आदमी पार्टी और भाजपा से खुद को पीछे नहीं रखना चाहती है।
टिकट के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने वालों की संख्या 1000 पहुंची
खासतौर से टिकटों को लेकर अभी से कवायद तेज हो गई है। इस संबंध में मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम चुनाव-2022 के लिए कांग्रेस की टिकट के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने वालों की संख्या 1000 पहुंच गई है। इस बाबत दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने जारी बयान में कहा कि यह बहुत ही उत्साह जनक संख्या है।
अनिल कुमार ने बताया कि पहले आवेदन की तारी़ख 15 फ़रवरी रखी गई थी, मगर कार्यकर्ताओं की भारी मांग के चलते 18 फ़रवरी किया गया था। उन्होंने ने कहा के अंतिम तारी़ख के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता फ़ार्म जमा करवाने के लिए प्रदेश कार्यालय में आ रहे हैं जिसका फ़ैसला हाई कमांड से बात करके लिया जाएगा कि फ़ार्म लेने की तारी़ख को कितने और दिनों के लिए बढ़ाया जाए ।उन्होंने कहा की कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आवेदन जमा करवाने के उत्साह से संकेत साफ़ है कि कांग्रेस निगम चुनाव में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी। क्योंकि भाजपा और आप दोनों की असलियत जनता को पता लग चुकी है। चौधरी ने कहा कि दूसरी पार्टियों के नेता भी भारी संख्या में कांग्रेस में सम्मिलित होना चाहते हैं जिसका फ़ैसला भी बाद में लिया जाएगा। गौरतलब है कि तीनों नगर निगमों (दक्षिण दिल्ली नगर निग, उत्तर दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम) के गठन के बाद कांग्रेस सत्ता से बाहर है। भाजपा ही लगातार जीत पर निगम की सत्ता में काबिज है।
Source News: jagran
