
कोरोना (Coronavirus) के संक्रमण से खुद को बचाने के लिए कुछ लोग दिन में कई बार काढ़ा पीने के साथ-साथ विटामिन सी (Vitamin C) की टेबलेट भी खाते हैं. ये सिलसिला कई महीनों तक चलता है लेकिन फिर कुछ दिनों बाद नई मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं. कॉन्स्टिपेशन, पेट दर्द जैसी समस्या लगातार परेशान करने लगती है. डॉक्टर के पास जाने पर पता चलता है कि मसालों और विटामिन सी की ओवरडोज की वजह से इस तकलीफ का सामना करना पड़ता है.
ओवरडोज के कारण बढ़ेंगी परेशानियां
एक्सपर्ट्स के मुताबिक दालचीनी, गिलोय, काली मिर्च जैसी चीजों का ओवरडोज अल्सर, पेट दर्द या सीने में जलन की वजह बन रहा है. ये लीवर को भी नुकसान पहुंचाता है. मसालों के ओवरडोज की वजह से पेट दर्द पेट में अल्सर, एसिडिटी लोगों को परेशान कर रही है तो गिलोय का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल शुगर लेवल को भी कम कर रहा है.
ज्यादा काढ़ा पीना खतरनाक
कोरोना वायरस को मात देने के लिए सबसे बड़ा हथियार है इम्यूनिटी (Immunity) और इसको बढ़ाने के लिए आजकल लोग तरह-तरह के नुस्खे आजमा रहे हैं. इसके लिए कोई अश्वगंधा, काली मिर्च, तुलसी, लौंग, लहसुन, हींग जैसे मसालों से बना काढ़ा पी रहा है तो कोई दिन में कई बार विटामिन सी की गोलियां खा रहा है. लेकिन दवाई और काढ़े की सही मात्रा की जानकारी न होने की वजह से अब ये लोगों के लिए नई मुश्किल खड़ी हो रही हैं.
इन बातों का रखें खास ख्याल
-हर रोज ढाई ग्राम हल्दी खाना सेहत के लिए अच्छा है तो इससे ज्यादा मात्रा सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है.-अगर हर रोज 8 ग्राम या उससे ज्यादा हल्दी खाई जाए तो लूज मोशन, डायरिया, कब्ज और अल्सर जैसी बीमारी हो सकती है.-हर रोज 1 ग्राम विटामिन सी आपको सेहतमंद रखता है तो इससे ज्यादा मात्रा किडनी को नुकसान पहुंचा सकती है और पथरी भी हो सकती है.
डायबिटीज के मरीज हो जाएं सतर्क
फिक्र की बात ये है कि अगर डायबिटीज के मरीज गिलोय का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करते हैं तो ब्लड शुगर लेवल बहुत कम हो जाता है और अस्पताल में भर्ती होने जैसी स्थिति भी पैदा हो सकती है. मसालों की ओवरडोज की वजह से प्रेग्नेंट महिलाओं का अबॉर्शन तक हो सकता है. विटामिन सी के ओवरडोज की वजह से क्रेम्स, उल्टी जैसी कई परेशानियां हो सकती हैं.
Source News: zeenews
