
Old Age Pension Scheme 2022: वृद्धावस्था पेंशन एक तरह से बुढ़ापे की लाठी है. सामाजिक सुरक्षा की इस स्कीम के तहत बूढ़े लोगों को सरकार की ओर से पेंशन दी जाती है. यह रकम उनके खाते में भेजी जाती है. अब सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन में इजाफा किया है. इसे 1,001 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये कर दिया गया है.
हिमाचल प्रदेश में बढ़ाई गई वृद्धावस्था पेंशन
मासिक वृद्धावस्था पेंशन में यह बढ़ोतरी हिमाचल प्रदेश में की गई है. हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को विधानसभा में 2022-23 का बजट पेश करने के दौरान इस संबंध में घोषणा की. वह अपनी सरकार का पांचवां और अंतिम बजट पेश कर रहे थे.
नहीं रखी गई है आय की सीमा
ठाकुर ने इसके साथ ही वृद्धावस्था पेंशन का फायदा उठाने के लिए आयु सीमा 70 साल से घटाकर 60 साल करने का भी ऐलान किया. गौर करने वाली बात यह है कि पेंशन का लाभ उठाने के लिए कोई आय सीमा नहीं रखी गई है.
दिव्यांग पेंशन भी बढ़ाई गई
वहीं, 60 से 69 वर्ष तक के कुष्ठ रोगियों को अब 850 रुपये की जगह 1 हजार रुपये मिलेंगे. इसी तरह दिव्यांग, विधवाओं, एकल नारियों की पेंशन 1000 से बढ़ाकर 1150 रुपये कर दी गई है. वहीं, 70 से अधिक उम्र के बुजुर्गों, 70 फीसदी से अधिक विकलांगों को 1,500 के बजाय 1,700 रुपये मिलेंगे.
विधायक क्षेत्र विकास निधि में भी इजाफा
इसके अलावा बजट में कई अन्य घोषणाएं भी हुईं. सीएम ठाकुर ने विधायक क्षेत्र विकास निधि में 20 लाख रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इसे 1.80 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये कर दिया गया है.
नए कनेक्शन पर मिलेंगे तीन फ्री सिलेंडर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम ने कहा कि राज्य में उज्ज्वला योजना जारी रहेगी. साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को एक साल में तीन मुफ्त सिलेंडर नए कनेक्शन पर मिलेंगे.
source news: chopaltv
