
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के महापौर मुकेश सूर्यन ने सोमवार को सीएम अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर नवरात्रि के त्योहार के दौरान 11 अप्रैल तक शराब की दुकानें बंद करने का आग्रह किया है। सीएम केजरीवाल को लिखे पत्र में मेयर मुकेश सूर्यन ने कहा कि नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा की पूजा करने के लिए रोज मंदिर आने वाले भक्तों की धार्मिक भावनाएं, रास्तों में पड़ने वाली शराब की दुकानों से प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान भक्त शुद्ध शाकाहारी भोजन करते हैं और नौ दिनों तक उपवास रखते हैं तथा मांसाहारी खाद्य पदार्थों, शराब एवं कुछ मसालों से भी परहेज करते हैं।
महापौर ने कहा कि लोग शराब की दुकानों के बाहर शराब पीते हैं और भक्तों के लिए डर का माहौल बनाते हैं। सूर्यन ने अपने पत्र में कहा कि आम जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, कृपया अधिकारियों को नवरात्रि (2 से 11 अप्रैल तक) के दौरान शराब की दुकानों को बंद करने और ऐसी दुकानों के बाहर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करें। बता दें कि इससे पहले महापौर सूर्यन ने एसडीएमसी आयुक्त को नवरात्रि के दौरान मांस की दुकानें बंद करने को कहा था।
source news: rplnews
