
देश की राजधानी दिल्ली ही नहीं बल्कि इससे सटे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के एनसीआर के शहरों में भी कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। आलम यह है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान ही दिल्ली में रोजाना बढ़े हुए कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। इस तरह दिल्ली में कोरोना के मामलों में 26 प्रतिशत तक का इजाफा हो चुका है।वहीं, दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद का हाल तो और भी बुरा है। गाजियाबाद के 2 निजी स्कूलों तो नोएडा के एक निजी स्कूल में कोरोना से कई छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं संक्रमित हुए हैं, जिसके बाद स्कूलों को बंद करने और आनलाइन क्लास के जरिये पढ़ाई जारी रखने का ऐलान हुआ है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या मास्क लगाने का नियम फिर से अनिवार्य कर दिया जाना चाहिए। खासकर दिल्ली-एनसीआर में कोरोना के मामले बढ़ने और गुजरात और महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के नए वैरिएंट XE के केस मिलने के बाद डाक्टर भी इसे जरूरी बताने लगे हैं।

यकृत व पित्त विज्ञान संस्थान (आइएलबीएस) के निदेशक डा. एसके सरीन का कहना है कि कोरोना वायरस अभी गया नहीं है। इसके वापसी करने की स्थिति में हालात खराब हो सकते हैं। कोरोना से लड़ाई में कोरोना रोधी टीका, मास्क लगाना और शारीरिक दूरी का पालन करना बहुत जरूरी है। लोगों को भी चाहिए कि वह कोरोना के खतरे और प्रभाव के मद्देनजर स्वतः ही मास्क लगाएं।

उधर, दिल्ली में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि मामले पर पैनी नजर रखे हुए हैं। अभी घबराने की कोई बड़ी वजह नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि मास्क लगाने को लेकर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार कोई बड़ा फैसला ले सकती है।
source news: jagran
