
कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर नहीं है। कोरोना एक बार फिर से पैर पसार रहा है। पांच दिन पहले तक सब ठीक चल रहा था, लेकिन 15 अप्रैल को एक कोरोना पाजिटिव की मौत और दो नए मामले आ जाने के बाद फिर से कोरोना की आहट सुनाई दे रही है। खासकर दिल्ली और गुड़गांव में बढ़ रहे मामलों को देखकर जिले में भी केस बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में लोगों की परेशानी एक बार फिर कोरोना के नाम से बढ़ने लगी है। जबकि 19 मार्च 2022 को जिला कोरोना से मुक्त हो गया था। मगर यदि अभी से हम नहीं संभले तो कोरोना एक बार फिर से जिले में पैर पसार सकता है।
19 दिन बाद फिर मिला था एक कोरोना पाजिटिव
18 मार्च को दुलंडी के अगले ही दिन 19 मार्च 2022 को जिला कोरोना मुक्त हो गया था। इसके बाद पांच अप्रैल तक जिला कोरोना से बिल्कुल मुक्त रहा। मगर ठीक 19 दिन बाद छह अप्रैल 2022 को फिर से एक कोरोना पाजिटिव मरीज मिला। इतना ही नहीं 15 अप्रैल को एक कोरोना पाजिटिव मरीज की मौत भी हो गई। जबकि इससे पहले 14 सितंबर 2021 को जिला कोरोना मुक्त हो गया था। इसके बाद अक्टूबर 2021 में भी एक दिन के लिए जिला कोरोना मुक्त हुआ था।
दूसरी लहर ने अप्रैल में मचाया था कोहराम
अप्रैल का महीना कई लोगों के घाव को हरा कर रहा है। इसलिए इस माह को भुलाया नहीं जा सकता। वर्ष 2021 में अप्रैल माह में ही कोरोना की दूसरी लहर अपने चर्म पर थी। इसी माह में कोरोना ने कोहराम मचाया था और कई कोरोना पाजिटिव मरीजों की मौत हुई थी। इसलिए कोरोना के मामले में अप्रैल माह अच्छा नहीं मानते हैं। अब वर्ष 2022 के अप्रैल माह में ही कोरोना ने फिर से पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। जबकि वर्ष 2021 के नवंबर, दिसंबर और वर्ष 2022 में जनवरी माह में भी कोरोना की तीसरी लहर का प्रभाव दिखा था।
स्वास्थ्य विभाग भी पड़ गया ढीला
कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग ढीला पड़ गया है। कोविड-19 के अंतर्गत लगे स्टाफ को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, इसकी वजह से जिले में 70 लाख की लागत से बनी मोलिक्यूलर लैब भी बंद पड़ गई है, जबकि कोरोना के टेस्ट इसी लैब में लगाए जा रहे थे। मगर अब स्टाफ नहीं होने की वजह से लैब को बंद करना पड़ा है, जबकि दूसरी तरफ कोरोना ने एक बार फिर से दस्तक दे दी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ज्यादा टेस्ट भी नहीं ले रहा, क्योंकि जांच के लिए उसे इन सैंपलों को दूसरे जिलों की लेबोरेट्री में भेजना पड़ रहा है।
source news: jagran
