
चंडीगढ़। कोरोना संक्रमण का खतरा एक बार फिर मंडराने लगा है। इक्का-दुक्का संक्रमित मामलों में इजाफा होकर अब संख्या बढ़ने लगी है। दूसरे शहरों में संक्रमण की बढ़ती चेन को देखते हुए यूटी प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। छुट्टी से लौटे स्वास्थ्य सचिव हरकत में आ गए हैं। उन्होंने सबसे पहले वैक्सीनेशन का कवरेज शतप्रतिशत करने की मुहिम छेड़ दी है। 15 दिनों में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं इंफ्रास्ट्रक्चर को भी अपग्रेड किया जाएगा। भीड़ वाली जगहों और बंद एरिया में मास्क पहनने की हिदायत पहले ही दी जा चुकी है।
अप्रैल की शुरुआत से ही मास्क पहनने की अनिवार्यता खत्म की गई थी। लेकिन दो सप्ताह बाद ही इसे पहनने के आदेश जारी हो गए हैं। अब यह डर भी सताने लगा है कि मास्क लौटने के बाद पाबंदियां भी फिर से लागू होंगी। कोरोना के बढ़ने मामलों से पैदा हुई हलचल ने सभी की धड़कन बढ़ाना शुरू कर दिया है। सबसे ज्यादा डर उद्योगपतियों और व्यापारियों को सताने लगा है। उनका कहना है कि पहले कोरोना की अलग-अलग लहर और लॉकडाउन ने उद्योग धंधों को चौपट करके रख दिया। अब चाैथी लहर आई तो उनके काम धंधे बुरी तरह से प्रभावित होंगे।
कई राज्यों ने बढ़ाई पाबंदी
दिल्ली एनसीआर में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हरियाणा ने एनसीआर के चार शहरों में मास्क पहनना जरूरी कर कई तरह के आदेश जारी किए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कई शहरों में ऐसे आदेश लागू कर दिए हैं। दिल्ली में सख्ती की गई है। अब चंडीगढ़ भी इन्हीं राज्यों की तर्ज पर एहतियाती कदम उठा रहा है। इस मामले में अगले सप्ताह कोविड रिव्यू मीटिंग एडवाइजर करने जा रहे हैं। अभी चंडीगढ़ प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। इस मीटिंग में कई सख्त कदम उठाने का निर्णय हो सकता है।
टेस्टिंग स्केल बढ़ाया
संक्रमण फैलने से रोकने के लिए टेस्टिंग बड़ा हथियार रहा है। टेस्टिंग स्केल को बढ़ाने के आदेश दिए जा चुके हैं। साथ ही वैक्सीनेशन कवरेज को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। खासकर बच्चों को 15 दिनाें में वैक्सीन कवरेज देने की तैयारी है।
source news: jagran
