
प्रखंड क्षेत्र में सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब जरूरतमंद को पक्के मकान नहीं मिल पा रहे हैं। योजना में पात्र लाभार्थियों को अपात्र दिखाकर डीलर, नौकरी पेशा व पक्का मकान वाले लोगों को आवास आवंटित किए जाने की शिकायत मिल रही है। कच्चे मकान में रहने वाले कई लोगों की शिकायत है कि प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त के लिए खाता भी खोल दिया गया था। लेकिन बाद में दूसरी सूची में नाम जोड़ देने का आश्वासन देकर टरका दिया गया।
जो पात्र नहीं है उन्हें भी दिया जा रहा लाभ
मामले को लेकर मुरहेना पंचायत के वार्ड नंबर 3 के वार्ड सदस्य महेश चौधरी ने योजना में अनियमितता को लेकर डीएम नवादा, अनुमंडल पदाधिकारी रजौली एवं बीडीओ रजौली के अलावे प्रखंड प्रमुख रजौली को लिखित आवेदन देकर अनियमितता में जांच की मांग की है। वार्ड सदस्य ने बताया कि वार्ड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऐसे लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है, जो कि किसी भी स्तर से पात्र नहीं हैं।
एसडीएम ने कहा जांच कर होगी कार्रवाई
वार्ड सदस्य ने कहा कि आवास सहायक के द्वारा जन वितरण प्रणाली के दुकानदार तथा कुछ ऐसे लोगों को लाभ दिया जा रहा है, जो पहले से ही पक्के मकान के मालिक हैं। इस संबंध में एसडीएम आदित्य कुमार पीयूष ने बताया कि गड़बड़ी की सूचना मिली है। जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने वाले आवास सहायकों के ऊपर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
source news: jagran
