
फरीदाबाद : निजी स्कूल में कार्यरत बास्केटबाल कोच ने सेक्टर-86 स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोच ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उन्होंने पत्नी व उसके दो दोस्तों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। आत्महत्या से पहले उन्होंने फोन करके अपनी पत्नी को सूचना भी दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया है। कोच की पत्नी व उसके दो दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सेक्टर-56 निवासी विजय सिंह ने बताया कि उनके भाई अनुज शर्मा एक निजी स्कूल में बास्केट बाल कोच थे। साल 2018 में उन्होंने गरिमा नाम की लड़की से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों सेक्टर-56 घर में ही रह रहे थे। दो महीने पहले वे ओमैक्स हाइट्स सोसायटी में फ्लैट किराए पर लेकर पत्नी सहित रहने लगे। इसके बाद गरिमा के दो दोस्त करण और रिशिका का उनके फ्लैट पर आना जाना शुरू हो गया था। विजय का आरोप है कि रिशिका और करण ने गरिमा को उनके भाई के बारे में भड़काया। उनकी बातों में आकर गरिमा पिछले करीब एक महीने से अपने मां-बाप के घर सेक्टर-14 में रह रही थी। विजय ने बताया कि इसी दौरान करण और रिशिका ने उनके भाई के साथ मारपीट भी की थी और गरिमा से दूर रहने को कहा था। इस वजह से अनुज पिछले एक महीने से काफी तनाव में थे।
खेड़ी पुल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि मृतक अनुज ने मरने से पहले अपनी पत्नी को फोन करके आत्महत्या की सूचना दी। इसके बाद गरिमा ने इस मामले में सेक्टर-15ए पुलिस चौकी पर सूचना दी। जब तक पुलिस टीम उनके फ्लैट तक पहुंच पाती, तब तक अनुज फंदे से लटक चुके थे। मौके से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें अनुज ने अपनी पत्नी गरिमा, उसकी दोस्त रिशिका और करण पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
source news : jagran
