
फरीदाबाद : यमुना नदी के किनारे 10 ट्यूबवेल शुरू करा दिए गए हैं इससे बड़ी राहत मिल गई है। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा की सिफारिश पर यमुना के किनारे मोठूका में ट्यूबवेल लगवाए गए हैं। इनकी लागत करीब दो करोड़ नौ लाख रुपये आई है। रविवार को मंत्री के बड़े भाई टिपर चंद शर्मा एवं इलाके के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में बटन दबाकर पानी का संचालन शुरू किया। यह पानी मोठूका बूस्टर से बल्लभगढ़ सेक्टर-25 बूस्टर से होते हुए सेक्टर-22 23,जनता कालोनी, संजय कालोनी सहित पूरे इलाके में जाएगा। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया की अभी और भी ट्यूबवेल लगने हैं। इस मौके पर एसडीओ नवल सिंह, राकेश गुर्जर, जयवीर खटाना, मंडल अध्यक्ष अनुराग गर्ग व रवि भगत सहित अन्य मौजूद थे।
अब सभी रेनीवेल एफएमडीए के पास :
शहर में पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने का जिम्मा एफएमडीए के पास है। इसी दिशा में नगर निगम के 16 और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के छह रेनीवेल टेकओवर किए जा चुके हैं। इसके अलावा अभी 12 और रेनीवेल लगाने की योजना तैयार हो चुकी है। फिलहाल यह देखा जा रहा है कि रेनीवेल की हालत क्या है। इनकी कितनी क्षमता है और यहां से कितनी पेयजल सप्लाई की जा रही है। इनमें क्या-क्या खामियां हैं, उन्हें कैसे दूर किया जा सकता है।
मिलेगा अतिरिक्त पानी :
10 ट्यूबवेल लगने के बाद 10 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) पानी लाइन नंबर एक में बढ़ जाएगा। इसका सीधा असर लोगों की पेयजल आपूर्ति पर पड़ेगा। फिलहाल शहर की मांग व आपूर्ति में 100 एमएलडी से अधिक का अंतर है। बल्लभगढ़ विधानसभा के साथ-साथ एनआइटी क्षेत्र में पेयजल किल्लत अधिक है। यहां लोगों को कई-कई दिन तक पानी नहीं मिलता। आमजन निजी टैंकरों पर निर्भर रहते हैं।
source news : jagran
