
फरीदाबाद : बिजली कटौती और कनेक्शन न देने से परेशान सरूरपुर श्याम नगर के लोगों का गुस्सा बृहस्पतिवार को फूट पड़ा। लोगों ने सरूरपुर स्थित बिजली दफ्तर पर प्रदर्शन किया। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम उनकी कालोनी में ट्रांसफार्मर नहीं लगा रहा है, न ही उन्हें बिजली के कनेक्शन जारी कर रहा है। कालोनी में जो कनेक्शन पहले से लगे हुए हैं, उन्हें भी ठीक तरह बिजली आपूर्ति नहीं हो रही। बिजली दफ्तर के सामने बड़ी संख्या में महिला पुरुष इकट्ठे हो गए। लोग गुस्से में नजर आए। लोगों ने बताया कि वे पिछले तीन साल से बिजली दफ्तर के चक्कर लगा रहे हैं, मगर उनकी सुनवाई नहीं हो रही। बिजली अधिकारियों का कहना है कि श्याम नगर अवैध कालोनी है। निगम ने अवैध कालोनियों में बिजली कनेक्शन देने पर रोक लगाई हुई है। इस वजह से उनके यहां बिजली कनेक्शन जारी नहीं हो पा रहे हैं। यहां के लोग काफी समय से दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली निगम के कर्मचारी मीटर लगाने के लिए 25 हजार रुपये की मांग करते हैं। जब रुपये देने से मना करते हैं तो कालोनी को अवैध बता देते हैं। तीन साल पहले यहां बिजली निगम ने बिजली मीटर लगाए थे, लेकिन अब बिजली निगम के कर्मचारी अब अवैध कालोनी बताकर मीटर लगाने से मना कर रहे हैं। प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने बिजली कर्मचारियों द्वारा ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर छह लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि उनके घर अंधेरे में डूबे हुए हैं। बिजली निगम बिजली आपूर्ति नहीं कर रहा है। बिजली न होने से भारी परेशानी हो रही है। बरसात के मौसम में जहरीले जीवों के काटने का भी डर बना रहता है। बिजली आपूर्ति न होने से घरेलू कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
NEWS SOURCE : jagran
