
फरीदाबाद: एक सहपाठी ने नौवीं कक्षा की छात्रा को जाल में फंसाकर मोबाइल में उसकी अश्लील वीडियो बना ली। अब यह वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर वह छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा है और रुपयों की मांग कर रहा है। पुलिस ने इस बाबत आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
छात्रा को बातों में फंसाकर बनाई उसकी अश्लीस वीडियो
छात्रा के पिता ने बताया कि दो साल पहले उसकी बेटी दिल्ली शालीमार बाग में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वहां एक सहपाठी ने छात्रा को बातों के जाल में फंसाकर उसकी अश्लील वीडियो और फोटो ले ली। अब वह उन्हें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर पांच हजार रुपये की मांग कर रहा है। आरोपित की इस हरकत से छात्रा तनाव में आ गई। उसने अपने पिता को सारी बात बताई। छात्रा के पिता ने आरोपित के पिता से बात की तो उन्होंने भी उल्टा उन्हें ही चुप रहने की सलाह दी। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवक पर हमला कर पांच हजार रुपये लूटे
वहीं, सारन क्षेत्र में तीन हमलावरों ने एक युवक को बुरी तरह पीटकर पांच हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पर्वतीय कालोनी के रहने वाले विकास ने पुलिस को बताया है कि शाम करीब पांच बजे वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोनिया चौक की तरफ जा रहा था। जब अटल चौक के पास पहुंचा तो गोलू और जग्गू मिल गए। इन्हें वह पहले से जानता है। इनके साथ एक अन्य युवक था, जिसे वह नहीं जानता। इन तीनों ने विकास को रोक लिया और कहा कि तुमने हमारे दोस्त कुलराज को चोट पहुंचाई थी। इसके बाद तीनों ने उसके ऊपर राड व डंडों से हमला कर दिया। उसकी जेब में रखे पांच हजार रुपये छीन लिए और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : jagran
