
उदयपुर: Rajasthan News / चित्तौड़गढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिसमें एक पिता अपनी नाबालिग बेटी के साथ पिछले साढ़े तीन साल से दुष्कर्म करता आ रहा था। पीड़िता ने अपनी पीड़ा अपनी स्कूल टीचर को बताई तो उसके जरिए बाल कल्याण समिति और पुलिस को मामला पता चला। जिसके बाद गंगरार थाना पुलिस ने उसके पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया।मिली जानकारी के अनुसार मामला चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार क्षेत्र का है, जहां पंद्रह वर्षीया एक बालिका के साथ उसी का पचास वर्षीय पिता पिछले साढ़े तीन साल से दुष्कर्म करता आ रहा था। उसने सोमवार को अपनी पीड़ा स्कूल टीचर से की। जिन्होंने चित्तौड़गढ़ की बाल कल्याण समिति और कैलाश सत्यार्थी चाइल्ड फाउंडेशन को बताया। जिसके बाद फाउंडेशन के पदाधिकारी स्कूल आए और पीड़ित बालिका को गंगरार थाने लेकर पहुंचे। जहां उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया तथा उसे पॉक्सो एक्ट मामले की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत में पेश किया। जहां पीड़िता ने अपने घर जाने से इंकार कर दिया और उसे बाल कल्याण समिति के हवाले कर दिया। थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने कहा कि आरोपित पिता फिलहाल फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज कराए गए हैं। उसने पुलिस को बताया कि आरोपित पिता ने रविवार को भी उसके साथ दुष्कर्म किया। मेडिकल बोर्ड से पीड़िता की जांच कराई गई है। आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आफिसर केस स्कीम के तहत जांच के लिए पुलिस अधीक्षक से अनुमति मांगी है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिले।
NEWS SOURCE : jagran
