
सोहना। क्लीनिक पर दवा लेने गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। डॉक्टर समेत दो लोगों पर गैंगरेप का आरोप है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर बुधवार को सोहना सदर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ सदर सोहना थाना क्षेत्र में रहती है। मंगलवार को सिर में दर्द होने पर वह गांव में खुले निजी क्लीनिक पर दवा लेने के लिए रात आठ बजे गई थी। दवा लेने के बाद वह घर आ गई, लेकिन उसको आराम नहीं हुआ। ऐसे में दोबारा 12 बजे रात को क्लीनिक पर गई। गांव का एक युवक और डॉक्टर क्लीनिक में मौजूद थे। आरोप लगाया कि तभी डॉक्टर और गांव के युवक ने क्लीनिक में बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया। कुछ देर बाद परिजन भी क्लीनिक पर पहुंचे और उनको देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सदर थाना प्रभारी जयसिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
