
देश की राजधानी दिल्ली के 575 लोगों को बुधवार को अपना आशियाना मिलेगा। मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) दिल्ली विकास प्राधिकरण (Delhi Development Authority) द्वारा दक्षिण दिल्ली के कालकाजी में इन-सीटू स्लम पुनर्वास योजना के तहत बनाए गए फ्लैटों की चाबियां उनके आवंटियों को सौंपेंगे।
चाबी के साथ मिलेगी जरूरी कागजात
इस संबंध में नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में बुधवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पीएम नरेन्द्र मोदी कालकाजी में इन-सीटू स्लम पुनर्वास योजना के पहले चरण में पात्र शार्ट लिस्टिड 575 लोगों को उनके आवास की चाबी व जरूरी दस्तावेज देंगे। डीडीए द्वारा कालकाजी में इन-सीटू स्लम पुनर्वास योजना के तहत 3074 मकान बनाए गए हैं।
सर्वेक्षण के बाद दिए जा रहे फ्लैट
इन मकानों के आवंटन संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद डीडीए ने इनमें से 575 लोगों को उनके फ्लैटों का मालिकाना हक देने का निर्णय लिया है। इससे पहले डीडीए ने इन सभी लोगों को फ्लैट आवंटित किए जाने के उददेश्य से प्रारंभिक सर्वेक्षण किया था और उनके जरूरी दस्तावेजों की जांच की थी।
साल के अंत तक बन जाएंगे 8000 के करीब फ्लैट
बता दें कि विभिन्न आय वर्गों के लिए आवासीय योजनाएं लाने के साथ- साथ डीडीए अब इन सीटू डेवलपमेंट के तहत इडब्ल्यूएस फ्लैट बनाने पर भी फोकस कर रहा है। इसी दिशा में करीब 5,200 फ्लैट बनकर तैयार हो गए हैं, जबकि 2,300 फ्लैट इस साल के आखिर तक बन जाएंगे। इसके अलावा 25 हजार से अधिक फ्लैटों का निर्माण कार्य भी इसी वर्ष शुरू हो जाने की संभावना है।
कठपुतली कालोनी में तैयार होने वाले हैं फ्लैट
गौरतलब है कि इन सीटू डेवलपमेंट के तहत स्लम क्लस्टरों में रहने वाले लोगों केे लिए वहीं पर पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। यह फ्लैट पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) माडल के तहत डीडीए की निगरानी में प्राइवेट बिल्डर बना रहे हैं। बिल्डरों को अपना व्यय निकालने के लिए उस क्षेत्र का कुछ हिस्सा व्यावसायिक उपयोग के लिए दिया जा रहा है। इसके तहत कालकाजी एक्सटेंशन, जेलरवाला बाग और कठपुतली कालोनी में निर्माणाधीन फ्लैट तैयार होने वाले हैं।
NEWS SOURCE : jagran
