
नई दिल्ली (Free Education Countries). इन दिनों ज्यादातर देश शिक्षा के स्तर पर काफी काम कर रहे हैं. कुछ देशों में तो शिक्षा को पूरी तरफ से मुफ्त कर दिया गया है. इससे हर स्टूडेंट को पढ़ाई करने का अवसर मिलता है. कई देशों ने अपने प्राइवेट और सरकारी, दोनों संस्थानों में शिक्षा को बिल्कुल मुफ्त कर दिया है. भारत में हर साल स्कूल फीस में वृद्धि की जा रही है (Fees Hike). इसकी वजह से लोगों के घरों का बजट बिगड़ गया है. हर साल हजारों बच्चे अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने पर मजबूर हो जाते हैं. इससे उनके भविष्य पर काफी गलत असर पड़ता है. जानिए किन देशों में न सिर्फ पढ़ाई बिल्कुल मुफ्त है, बल्कि नौकरी जाने पर वहां की सरकार लोगों को सैलरी भी देती है.
शिक्षा के मामले में बेस्ट हैं ये देश
शिक्षा को हर देश की रीढ़ माना जाता है. यूरोपीय देश शिक्षा को लेकर सबसे आगे हैं. कई यूरोपीय देशों में मुफ्त में शिक्षा दी जाती है. इनमें जर्मनी (Germany), फिनलैंड (Finland), नॉर्वे (Norway), स्वीडन (Sweden), डेनमार्क (Denmark) और ग्रीस (Greece) शामिल हैं. यहां पढ़ाई-लिखाई बिल्कुल फ्री है. अफ्रीका के मोरक्को, मिश्र और केन्या, दक्षिण अमेरिका के ब्राजील, अर्जेंटीना और उरुग्वे, मध्य अमेरिका के पनामा और एशिया के मलेशिया में भी एजुकेशन फ्री है.
भारतीय भी करें मुफ्त में पढ़ाई
फिनलैंड की शिक्षा व्यवस्था को विश्व में टॉप पोजिशन पर रखा गया है. यहां भी शिक्षा मुफ्त में हासिल की जा सकती है. यहां के सरकारी या प्राइवेट, किसी भी संस्थान में स्टूडेंट चाहे जितनी भी पढ़ाई कर सकता है. इस शिक्षा के लिए छात्र को फीस के तौर पर एक भी रुपया नहीं देना पड़ेगा. बात सिर्फ इतनी नहीं है. सबसे खास बात है कि यह सुविधा सिर्फ फिनलैंड के नागरिकों के लिए नहीं है (Free Education In Finland). दूसरे देश से जाने वाले स्टूडेंट्स भी यहां मुफ्त में पढ़ाई कर सकते हैं.
नौकरी जाने पर भी कोई स्ट्रेस नहीं
मंदी की आहट के बीच हर कोई अपनी नौकरी को लेकर काफी डरा हुआ है. यूरोपीय देशों में बेरोजगारी भत्ते (Unemployment Allowance) का प्रावधान है. डेनमार्क में अगर किसी की जॉब चली जाती है या उसे नौकरी से निकाल दिया जाता है तो सरकार 2 साल तक उसे हर महीने सैलरी देती है. स्वीडन और यूनाइटेड किंगडम में भी बेरोजगारों को भत्ता दिया जाता है. यूके में नौकरी जाने पर सरकार 6 महीने तक व्यक्ति को भत्ता देती है. अमेरिका में भी नई नौकरी मिलने तक सरकार भत्ता देती है.
NEWS SOURCE : news18
