
कोलकाता Kolkatta Crime News: महानगर से सटे उत्तर 24 परगना के राजारहाट इलाके के एक रिसार्ट में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद चारों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार बारासात कोर्ट में पेश किया गया। मिली जानकारी के अनुसार राजारहाट के उस रिसार्ट में बर्थडे पार्टी चल रही थी। आरोप है कि मादक पदार्थ खिलाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद से युवती की तबीयत काफी बिगड़ गई है और उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया है कि राजारहाट स्थित रिसार्ट में 10 से 15 लोग पार्टी करने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि उसी दौरान एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस ने शुक्रवार की रात को ही आरोपित चारों युवकों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वास्तव में क्या हुआ था। रिसार्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
वहीं पुलिस को युवती के स्वास्थ्य में सुधार का इंतजार है ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके। पुलिस यह पता लगा रही है कि इन चारों को अलावा कोई और भी इस घटना में शामिल तो नहीं है। आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म की धारा 376(2)(जी) व 328 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
NEWS SOURCE : jagran
