
चकमेहसी थाना क्षेत्र के एक गांव में बदमाशों ने 13 साल की नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के बाद उसकी जीभ काट दी। उसके अंगों को नुकसान पहुंचाया है। गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। बेहोश होने पर किशोरी को मृत समझ बगीचे में फेंक सभी बदमाश भाग गया। 11 नवम्बर को हुई घटना के बाद परिवार के लोग पुलिस को सूचना दिये बगैर बच्ची को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले गये, जिससे मामला दबा रहा। रविवार को भनक मिलने पर भाकपा माले के नेता गांव गये तो उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि किशोरी 11 नवंबर को घर के बाहर थी। बहुत देर तक नहीं लौटी तो खोजबीन की गयी। इस क्रम में गांव के बगीचे में वह मरनासन्न हालत में वह मिली। उसे इलाज के लिए मुजफ्फरपुर में एक निजी क्लीनिक में ले गये। वहां गांव के लोगों की मदद से उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार किशोरी का परिवार वर्षों से उस गांव में गुजर बसर करता है। चकमेहसी थानाध्यक्ष चंद्रकिशोर टुडू ने बताया कि परिजन ने घटना की सूचना नहीं दी थी। रविवार को जानकारी मिली है। जांच शुरू कर दी गयी है। परिजन के आवेदन देने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भाकपा माले के नेता गांव पहुंचे और किशोरी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। माले के प्रखंड सचिव दिनेश कुमार, पूसा प्रखंड सचिव अमित कुमार इस घटना की कड़ी निंदा करने के साथ किशोरी के परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
NEWS SOURCE : livehindustan
