
फरीदाबाद: दिल्ली एनसीआर में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं क्योंकि इन वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों तक अवैध हथियार आसानी से पहुंच रहे हैं। इसी का परिणाम है कि मामूली कहासुनी या फिर लूटपाट का विरोध करने पर गली नुक्कड़ में बदमाश किसी को गोली मारने से नहीं हिचक रहे। हरियाणा पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में राहजनी, छीनाझपटी के अपराधियों तक अवैध हथियार पहुंचाने वाला गिरोह काबू किया है। पुलिस अब दिल्ली एनसीआर के इन अपराधियों को सूचीबद्ध कर इन पर दबिश देगी। पुलिस द्वारा काबू किए गए गिरोह के सदस्यों ने बताया है कि दिल्ली एनसीआर के करीब एक हजार अपराधी उनके संपर्क में हैं जो नियमित उनसे हथियारों की मांग करते हैं। इनमें से कुछ अंतरराज्जीय गिरोहों से भी जुड़े हुए हैं।
पलवल जिला की होडल क्राइम ब्रांच की टीम ने रविवार को 35 पिस्तौल व दो कट्टे जब्त किए थे। इनमें से कई हथियार अत्याधुनिक होने के साथ-साथ आटोमैटिक भी हैं। साथ ही तस्करों की निशानदेही पर बड़ी संख्या में कारतूस और मैग्जीन भी जब्त किए जाने हैं। इन बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि दिल्ली और आसपास के संगठित गिरोह के अलावा छोटे बदमाश भी हथियारों की मांग करने लगे हैं।
घी-दूध के डब्बों में हो रही है हथियारों की सप्लाई
पुलिस की सख्ती को देखते हुए बदमाशों ने हथियारों को दिल्ली-एनसीआर तक लाने के लिए तरीका और रास्ता बदल लिया है। बीते साल 26 सितंबर को एक ऐसे ही गिरोह का दिल्ली की स्पेशल सेल ने पर्दाफाश किया था, जो प्लास्टिक के डिब्बे में वनस्पति घी-दूध की आड़ में और सीएनजी सिलेंडर में हथियारों का जखीरा लेकर दिल्ली आया था।
एमपी, बिहार और मेरठ से हो रही सप्लाई
दिल्ली पुलिस ने बीते साल 27 अगस्त को ऐसे गिरोह के बदमाश को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 23 आटोमेटिक पिस्तौल और 50 कारतूस जब्त किए गए थे। बदमाश पहले मेरठ और बिहार के मुंगेर से हथियार लाते थे, पर अब मध्य प्रदेश के रास्ते हथियार लाए जा रहे हैं।
घी की आड़ में पहली बार हथियार भिंड से लाए गए थे, जहां पर लोगों के पास सबसे अधिक लाइसेंसी हथियार है। वहां के लोग भी अब अवैध हथियारों की तस्करी करने लगे हैं। मामूली कीमत पर सौदा दिल्ली-एनसीआर और आसपास में अवैध हथियार 20-25 हजार रुपये में मिल जाते हैं। तस्करों को ये हथियार आठ-दस हजार रुपए में मिलता हैं, कारतूस की कीमत भी 200-400 रुपये है। वहीं देशी पिस्तौल, जिसे कट्टा भी कहते हैं की कीमत पांच हजार से सात हजार रहती है।
अवैध हथियार के जो भी मामले सामने आते हैं उनकी तह तक पहुंचने के लिए सभी क्राइम ब्रांच को आदेश दे रखा है। इसके अलावा जिन भी लोगों को हथियार सप्लाई किए गए हैं उन्हें भी हमारी टीमें गिरफ्तार करती हैं। अवैध हथियारों की सप्लाई को लेकर हम बेहद गंभीर हैं। यही वजह है कि हमारी टीमें लगातार अवैध हथियार रखने वालों पर शिकंजा कसती हैं।
विकास अरोड़ा, पुलिस आयुक्त फरीदाबाद
NEWS SOURCE : jagran
