
महाराष्ट्र में एक बार फिर छात्रा ऑटोरिक्शॉ में उत्पीड़न का शिकार हो गई। नौबत यहां तक आ गई कि छात्रा ने अस्मिता बचाने के लिए चलते ऑटो से छलांग लगा दी। घटना में पीड़िता को काफी चोटें आई हैं। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बीते अक्टूबर में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां एक ड्राइवर ने छात्रा को ऑटो से घसीटा था।ताजा मामला महाराष्ट्र के औरंगाबाद का है। यहां रविवार को एक 17 वर्षीय लड़की यौन उत्पीड़न से बचने के लिए ऑटो के बाहर कूद गई। इस घटना में छात्रा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मामला सीसीटीवी में कैद हो गया है। वहीं, ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज एक्ट यानी POCSO के तहत मामला दर्ज किया गया है।
खबर है कि छात्रा ने ट्यूशन के बाद ऑटो लिया था। सवार होने के बाद सैयद अकबर हमीद नाम के चालक ने बातचीत शुरू कर दी और फिर अश्लील बातें करने लगा। इसे घबराई छात्रा वाहन के बाहर कूद पड़ी। एक स्थानीय अस्पताल में लड़की का इलाज जारी है। पुलिस ने जानकारी दी है कि हमीद मुंबई का रहने वाला है और 4-5 महीने पहले ही औरंगाबाद आया है।
छात्रा को करीब 500 मीटर तक घसीटा
अक्टूबर में महाराष्ट्र के ठाणे में भी एक छात्रा रिक्शॉ चालक की दरिंदगी का शिकार हुई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि 14 अक्टूबर को 21 वर्षीय महिला के साथ छेड़छाड़ की गई थी। बाद में उसे वाहन से घसीटा भी गया। घटना शाम 7 बजे के आसपास हुई और इससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता कॉलेज छात्रा है और वह कॉलेज जा रही थी। उस दौरान ड्राइवर ने उससे छेड़खानी कर दी। पुलिस ने बताया कि सवाल पूछने पर चालक ने महिला का हाथ पकड़ा और खींचा। इसके बाद उसे करीब 500 मीटर तक घसीटा।
