
कार सवार युवकों ने पॉलिटेक्निक की छात्रा को कार में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी युवक हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया है। जबकि एक आरोपी कश्मीर फरार हो गया। कोतवाली नगर के एक मोहल्ले निवासी एक किशोरी पॉलिटेक्निक की छात्रा है। वह मंगलवार शाम कॉलेज से घर लौट रही थी। कॉलेज के बाहर कार सवार तीन युवकों ने छात्रा के मुंह पर हाथ रखकर कार में खींच लिया। आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। छात्रा के विरोध करते हुए शोर मचा दिया। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी कॉलेज से कुछ दूरी पर मेरठ-पौड़ी हाईवे किनारे छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान छात्रा ने तीनों युवकों की पहचान भी कर ली। छात्रा जैसे-तैसे घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन छात्रा के साथ बुधवार को कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि एक आरोपी कश्मीर फरार हो गया है, जो वहां सैलून पर काम करता है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र वशिष्ठ ने बताया कि छात्रा कोतवाली आई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने को तैयार नहीं है। महिला पुलिसकर्मियों से छात्रा की काउंसलिंग कराई जा रही है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
NEWS SOURCE : livehindustan
