
जिला समाज कल्याण विभाग की गलती की वजह से काफी पेंशनधारकों को परेशानी हो रही है। इसके कारण काफी लोगों की पेंशन बंद कर दी गई है। पेंशन बंद होने के कारण बुजुर्ग लोग रोज विभाग कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन मामले को लेकर कोई समाधान नहीं निकल पा रहा है। इसी बीच, तिगांव में रहने वाले रमेश की पत्नी सतपाली को मृत दिखाकर पेंशन बंद कर दी गई है। सात महीने से 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला इधर-उधर चक्कर लगा रही है, लेकिन अभी तक उनकी पेंशन शुरू नहीं हो सकी है।
पेंशन ना मिलने से परेशान
सतपाली ने बताया कि पेंशन से उनका बहुत काम चलता है। अप्रैल में पता चला कि उनकी पेंशन बंद हो गई है। वे सेक्टर-15ए स्थित जिला समाज कल्याण विभाग के कार्यालय गई। वहां अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों से इस बारे में बात की और आश्वस्त किया कि अगले महीने पेंशन शुरू हो जाएगी। इसके अलावा तिगांव निवासी स्व. जगदीश नागर की पत्नी राजेश की 10 महीने से विधवा पेंशन नहीं आ रही है। राजेश ने बताया कि उनके सारे दस्तावेज सही हैं। लेकिन पेंशन क्यों काटी गई, इस बारे में कुछ जानकारी नहीं है। इस मामले को लेकर वे कई बार विभाग के कार्यालय गए हैं, लेकिन इसका समाधान नहीं हो सका।
सैकड़ों लोगों की पेंशन हुई बंद
जिला समाज कल्याण अधिकारी इंदिरा यादव ने बताया कि परिवार पहचान पत्र लिंक कराने के बाद करीब साढ़े पांच सौ लोगों की पेंशन बंद हो गई थी। इनमें से करीब 250 की चालू हो गई है। एरियर भी आ गया है। बाकी की जल्द चालू हो जाएगी। परिवार पहचान पत्र में दिखाई गई आय की वजह से ये दिक्कत हुई है। रोज उच्च अधिकारियों से बात हो रही है। सतपाली वाले मामले की जांच कराई जाएगी। देखा जाएगा कि कहां दिक्कत है। पूरी कोशिश रहेगी कि पेंशन जल्द चालू हो जाए।
NEWS SOURCE : jagran
