
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। MCD Election 2022: आदमपुर विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण नगर निगमों- गुरुग्राम, मानेसर तथा फरीदबाद के चुनाव की तैयारी में जुट गई है। तारीख की घोषणा तो चुनाव आयोग की ओर से की जाएगी, मगर पार्टी नेता मान कर चल रहे हैं कि निगम चुनाव जनवरी या फरवरी के पहले सप्ताह में होंगे। प्रदेश सरकार की ओर से प्रशासन को वार्डबंदी सहित अन्य प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा जा चुका है। पिछली बार की तरह भाजपा इस चुनाव में भी अपने उम्मीदवार पार्टी सिंबल पर मैदान में उतारेगी। इस बात पर सोमवार को गुरुग्राम में पार्टी के राज्यस्तरीय कार्यालय गुरुकमल में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में पार्टी पदाधिकारियों तथा सांसदों के साथ आम सहमति बन चुकी है।
दिसंबर में वार्डबंदी की प्रक्रिया होगी पूरी
गुरुग्राम व फरीदाबाद में अभी नए सिरे से वार्डबंदी की जानी है। नवसृजित मानेसर नगर निगम में पहली बार वार्डबंदी होनी है। ऐसे में संकेत मिले हैं कि दिसंबर में वार्डबंदी की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। हालांकि, वार्डबंदी प्रशासनिक प्रक्रिया का अंग है, मगर सत्ताधारी दल की रणनीति को देख प्रशासन भी अपनी चाल तेज कर देता है।
पार्टी उम्मीदवारों को सिंबल दने को लेकर मंथन
बैठक में इस बात को लेकर भी चर्चा हुई कि जिला परिषद के चुनाव में सिंबल पर पार्टी उम्मीदवारों को उतारने पर अपेक्षा के अनुरूप नतीजे आते नहीं दिखाई दे रहे हैं। इस बात पर पार्टी के कई नेताओं ने कहा नगर निगम क्षेत्र में शहरी मतदाता हैं, जो पार्टी की विचारधारा को अच्छी तरह से समझते हैं। पंचायती चुनाव में परिदृश्य अलग होता है।
उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा तेज
मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने तो बैठक में ही हमारा बूथ, सबसे मजबूत का नारा देकर पन्ना प्रमुख और मंडल प्रमुखों को चुनाव के लिए पूरी तैयारी करने के लिए कह दिया है। पार्टी के नेता निगम क्षेत्रों में जाकर प्रवास भी कर रहे हैं, जिसमें सही उम्मीदवार के नाम पर चर्चा भी होती है। उससे जो संकेत मिलते हैं उससे पार्टी अध्यक्ष से लेकर अन्य पदाधिकारियों को अवगत भी कराया जा रहा है।
निगम चुनाव को लेकर दावेदार भी तैयार
बता दें कि मानेसर तथा गुरुग्राम नगर निगम चुनाव की आहट देख मेयर तथा पार्षद पद के दावेदार पहले से मैदान में कूद चुके हैं। टिकट एक को ही मिलेगा मगर दोनों जगहों पर 20 से अधिक दावेदार मेयर के लिए पार्टी सिंबल पाने को दिन-रात एक किए हुए हैं। वह प्रचार भी दावेदार के रूप में करने लगे हैं। शहर में त्योहार की शुभकामनाएं देने के लिए पोस्टर भी लगवा चुके हैं, जिसमें खुद को मेयर उम्मीदवार दर्शा रखा है। गुरुग्राम में देखा जाए तो 10 महिलाओं के साथ 20 से अधिक दावेदार हैं। कुछ तो प्लान-बी के साथ इस तैयारी में हैं कि अगर सीट महिला के लिए रिजर्व हुई तो पत्नी को मैदान में उतार देंगे।
जजपा के साथ चुनाव नहीं लड़ेगी भाजपा
बैठक में चर्चा के बाद सरकार चलाने में सहयोगी जननायक जनता पार्टी ( जजपा) के साथ नगर चुनाव लड़ने की सहमति तो नहीं बनी पर संकेत यह दिए गए कि अपने दम पर तैयारी करो। इससे यह कहा जा सकता है कि भाजपा नगर निगम चुनाव में जजपा से दूरी बना कर चल सकती है। कई पदाधिकारियों को मानना है कि शहरी क्षेत्र में जजपा के पास उतना जनाधिकार नहीं जिससे मिलकर चुनाव लड़ा जा सके। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि चुनाव कराने का फैसला तो चुनाव आयोग लेगा। हम यह कह सकते हैं कि चुनाव लड़ने के लिए पार्टी संगठन पूरी तरह से तैयार है। जनवरी के अंत तक चुनाव हो सकते हैं।
NEWS SOURCE: jagran
