
पटना। म्युजिकल एंड डांस ग्रुप कंपनी में काम करने वाली युवती को बेहोश हालत में एक गाड़ी से उठाकर दूसरी गाड़ी में बैठाते युवक को पटना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मामला सोमवार का है और यह पूरी घटना बेउर थानांतर्गत 70 फीट इलाके में हुई। यहां एक युवक गंभीर तरह से घायल युवती को एक कार से निकाल कर दूसरी गाड़ी में बिठा रहा था। तब तक पुलिस की नजर उस पर पड़ गई।
बेहतर उपचार के लिए भेजा गर्दनीबाग अस्पताल
इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं, युवती को इलाज के लिए गर्दनीबाग अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उसे पीएमसीएच भेज दिया। युवती की हालत किसने और क्यों की? इसका पता नहीं चल पाया है। थानाध्यक्ष अतुलेश कुमार सिंह का कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है। होश में आने पर युवती का बयान लिया जाएगा।
पहली कार के ड्राइवर ने कर दिया था मना
बताया जाता है कि घायल युवती उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर जिले की रहने वाली है। वह एक म्यूजिकल ग्रुप के साथ काम करती है। रविवार की रात पुलिस की गश्ती गाड़ी ने युवक को संदिग्ध परिस्थिति युवती को दूसरी कार में बिठाते हुए देखा, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया। कार चालक ने बताया कि युवक ने गाड़ी की बुकिंग की थी, लेकिन युवती की हालत देखकर उसने दोनों को लेकर जाने से इन्कार कर दिया।
NEWS SOURCE : topbihar
