
गुजरात में चुनाव चल रहा है। बड़े नेताओं की बड़ी रैलियां, रैलियों में भारी भीड़ है। अब यही भीड़ है, जो पार्टी या नेता के लिए समर्थन भी जुटाती है और मतदाता भी बनती है। इस काम में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी बाजी मारती नजर आ रही हैं, क्योंकि कांग्रेस साइलेंट प्रचार कर रही है। अब सत्ता परिवर्तन के लिहाज से चर्चा करें, तो सत्ता तो शायद नहीं, लेकिन विपक्ष में बदलाव के आसार हैं।
कुछ सर्वेक्षणों में राज्य में फिर भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। अगर ऐसा होता है, तो 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा में यह भाजपा की लगातार 7वीं जीत होगी। जानकार इसकी बड़ी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी बताते हैं। 28 नवंबर के एबीपी सी वोटर सर्वे में अनुमान लगाया गया है कि भाजपा दो तिहाई बहुमत के साथ फिर सरकार बना रही है। सर्वे के मुताबिक, राज्य में भाजपा को 134-142 सीटें मिल सकती हैं। साल 2017 में सीटों की संख्या के लिहाज से भाजपा का प्रदर्शन सबसे खराब रहा था। उस दौरान पार्टी ने 99 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी।
अब विपक्ष का मामला समझें
गुजरात विधानसभा का मुकाबला आमतौर पर भाजपा बनाम कांग्रेस होता था। बीते 6 चुनावों से कांग्रेस लगातार विपक्ष की भूमिका में है, लेकिन इस बार समीकरण बदल सकते हैं, क्योंकि आप भी आक्रामक है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक गुजरात में दम भर रहे हैं। उन्होंने पंजाब के सीएम भगवंत मान जैसे कई बडे़ नेताओं को मैदान में उतार दिया है।
सूरत के नतीजे बने टर्निंग पॉइंट
अब इसकी वजह भी नजर आती है। सूरत के बीते साल हुए नगर निगम चुनाव में आप ने 120 में से 28 सीटें जीती थीं। जबकि, राज्य की पुरानी खिलाड़ी कांग्रेस का पत्ता साफ हो गया था। कहा जाता है कि उस चुनाव से आप को विपक्ष के विकल्प के तौर पर देखा जाने लगा था। इसके अलावा कांग्रेस की जगह लेने का कारनामा आप पंजाब और दिल्ली में भी कर चुकी है।
गुजरात में अच्छे विपक्ष की चाहत
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में मोरबी शहर के कारोबारी गोपालभाई सोनी कहते हैं, ‘क्या है कि जब विपक्ष मजबूत होगा, तो सत्ता पक्ष भी टाइट रहेगा।’ वहीं, अहमदाबाद में ऑटो चलाने वाले सुरेश बहूपिया आप की ओर देख रहे हैं। उनका कहना है, ‘हमने पिछली बार कांग्रेस का समर्थन किया था। लेकिन आपने देखा कि कैसे उनके विधायकों ने खुद को बीते पांच सालों में बिकने के लिए खड़ा कर लिया? हमें दोबारा उनका समर्थन क्यों करना चाहिए?’ रिपोर्ट के अनुसार, कच्छ के मांडवी तालुका के बाडा गांव के मोहम्मद इब्राहिम कहते हैं, ‘कांग्रेस को हमारे वोट नहीं मिलेंगे। मुझे कांग्रेस से नफरत होने लगी है। हम इंदिरा गांधी के समय से पार्टी का साथ दे रहे हैं, लेकिन पार्टी ने हमारी वफादारी का अपमान किया है। अब नए खिलाड़ी को मौका देने का समय है।’ बहूपिया कोली समुदाय से हैं, जिनकी राज्य के OBCs में हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत है। वहीं, आप ने मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी ओबीसी से आने वाले इसुदान गढ़वी को बनाया है।
एक वजह यह भी
गुजरात में कांग्रेस कई इलाकों में भाजपा के मुकाबले शहरी वोट जुटाने में पीछे रही है। वहीं, आप शुरुआत से ही शहरी मतदाताओं के बीच चर्चा में रही। इसके अलावा केजरीवाल का सॉफ्ट हिंदुत्व, भाजपा को सत्ता से हटाने में कांग्रेस का बार-बार असफल होना, फ्रीबीज का ऐलान आप की मदद कर सकता है।
क्या कांग्रेस ने गंवा दिया 2017 का मौका?
कहा जा रहा है कि साल 2017 चुनाव के दौरान पाटीदार आंदोलन और जीएसटी की चुनौतियों का सामना कर रही भाजपा को हराने का कांग्रेस के पास अच्छा मौका था। हालांकि, पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया और 77 सीटें जीती थीं, लेकिन सरकार बनाने तक आंकड़े नहीं जुटा पाई। अब इस चुनाव में इस तरह का कोई मुद्दा नजर नहीं आता। इसके अलावा 2017 में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी राज्य में काफी सक्रिय रहे, लेकिन इस बार वे भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हैं। कई बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने के अलावा कांग्रेस पोस्टर बॉय कहे जाने वाले नेताओं को भी गंवा चुकी है। इनमें पाटीदार आंदोलन का चेहरा रहे हार्दिक पटेल और ओबीसी नेता अल्पेश ठाकुर शामिल हैं।
NEWS SOURCE : livehindustan
