
Hair Care: बालों पर नारियल के तेल को तो आपने खूब लगाया होगा और यकीनन इसके फायदों से भी वाकिफ होंगे ही, लेकिन क्या कभी नारियल के दूध (Coconut Milk) को हेयर केयर में इस्तेमाल किया है? नहीं, तो अब कर लीजिए. नारियल के दूध में विटामिन सी, ई, बी1, बी3, बी5 और बी6 के साथ ही आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, सेलेनियम और सोडियम की भी अच्छी मात्रा पायी जाती है. जानिए बालों की अलग-अलग दिक्कतों से छुटकारा पाने के लिए किस तरह नारियल के दूध का इस्तेमाल किया जा सकता है.
नारियल दूध के हेयर मास्क | Coconut Milk Hair Mask
नारियल दूध और आंवला
इस हेयर मास्क को बनाने के लिए एक कटोरी में आंवले का पाउडर लें और जरूरत के अनुसार इसमें नारियल का दूध मिला लें. अब इस मास्क को पूरा करने के लिए इसमें 2 से 3 बूंदे किसी एसेंशियल ऑयल या फिर नारियल तेल की डाल लें. इस हेयर मास्क (Hair Mask) को बालों पर आधा घंटा लगाए रखने के बाद धो लें. आपके बालों को भरपूर पोषण मिलेगा जिससे बालों पर चमक दिखेगी.
मुलायम बालों के लिए मास्क
नारियल का दूध बालों पर लगाने का यह सबसे अच्छा तरीका है. अगर आप बालों पर नेचुरल कंडीशनर का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो इस तरीके को अपनाएं. एक कटोरी में नारियल का दूध लेकर आधा बालों की जड़ों से सिरों तक मलकर लगा लें. इसे लगाने के लिए रूई का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. इसके बाद 20-25 मिनट में बालों को धो लें.
डैंड्रफ हटाने के लिए
आधा कटोरी नारियल का दूध लेकर उसमें 2 चम्मच भरकर नींबू का रस निचौड़ लें. इसे तकरीबन 4 से 5 घंटे फ्रिज में रख दें. समय पूरा होने के बाद इस मिश्रण को बालों पर 30 से 45 मिनट तक लगाकर रखने के बाद धो लें. बालों से डैंड्रफ (Dandruff) का नामोंनिशान तक मिट जाएगा.
बालों में चमक के लिए
बालों को चमकदार और मुलायम बनाने के लिए इस हेयर मास्क को लगाएं. इस हेयर मास्क में आपको नारियल के दूध के साथ शहद (Honey) का इस्तेमाल करना होगा. शहद के एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटीवायरल गुण बालों को नमी देते हैं, चमक देते हैं और साथ ही मुलायम भी बनाते हैं. इस हेयर मास्क को बनाने के लिए आधा कटोरी नारियल के दूध में 2 चम्मच भरकर शहद डालें और बालों में आधा घंटा लगाए रखने के बाद धो लें.
NEWS SOURCE : ndtv
अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. faridabadnews24 इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.
