
दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार को इन दिनों मौलवियों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली वक्फ बोर्ड से जुड़े मस्जिदों के इमामों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया। पिछले कुछ महीनों से सैलरी नहीं मिलने की वजह से ये इमाम आक्रोशित हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री के घर के बाहर एकत्रित होकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन में शामिल एक इमाम ने कहा कि वह इसलिए एकत्रित हुए हैं ताकि सरकार तक उनकी आवाज पहुंच सके। 5 महीने से वेतन का इंतजार कर रहे इमामों और मुअज्जिनों ने पिछले सप्ताह ही केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। उन्होंने जल्द सैलरी का भुगतान करने की मांग की है। कुछ मौलवियों ने कहा कि दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग ने बोर्ड को दिए जाने वाले ग्रांट को रोक दिया है और इसलिए सैलरी नहीं मिल पा रही है।
दिल्ली में एक तरफ इमाम वेतन ना मिलने से आक्रोशित हैं तो दूसरी तरफ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अमानतुल्लाह खान भी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। अमानतुत्लाह खान दिल्ली वक्फ बोर्ड में नियमों के खिलाफ भर्तियों के आरोप में जांच का सामना कर रहे हैं। अमानतुल्लाह खान ने पिछले दिनों कहा कि एसीबी और प्रवर्तन निदेशालय समेत विभिन्न एजेंसियों की ओर से चल रही जांच से कामकाज बाधित हो गया है।
NEWS SOURCE : livehindustan
