
आगरा जिले के एत्माद्दौला क्षेत्र की एक युवती ने निजी अस्पताल संचालक और उसके दोस्त पर दुष्कर्म व ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी अस्पताल संचालक ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे अपने दोस्त को भेज दिया, जिसका फायदा उठाते हुए उसके दोस्त ने भी ब्लैकमेल कर उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एत्माद्दौला क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि वह नौ महीने पहले ट्रांस यमुना कालोनी स्थित एक अस्पताल में काम करने गई थी। अस्पताल संचालक रामपाल ने उसे अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। उससे दुष्कर्म किया, उसकी आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली, जिसे प्रसारित करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
युवती का आरोप है कि अस्पताल संचालक ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो अपने परिचित मुकेश शर्मा निवासी सिकंदरा को दे दी। वह खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताता है। मुकेश ने भी उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसे सिकंदरा और एत्मादपुर के होटल में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया। मुकेश शर्मा ने उससे दो लाख रुपये की मांग की। कार से पीड़िता के घर पहुंच गया। आपत्तिजनक फोटो दिखाते हुए रकम मांगी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस की मदद ली। प्रभारी निरीक्षक एत्माद्दौला राजकुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताने वाले मुकेश की वास्तविकता के बारे में भी जानकारी की जा रही है।
NEWS SOURCE : jagran
