
Hisar News : जाट कालेज में सोमवार सुबह ईग्नू की बीए के पेपर के दौरान सेंटर-एक में तैनात शिक्षक ने पूर्व विधायक रामनिवास घेड़ेला के भतीजे की जगह दूसरे युवक को पेपर देते समय पकड़ लिया। पेपर दे रहे फर्जी युवक से पूछताछ की और उक्त युवक को बुलवाया। फिर पूर्व विधायक का भतीजा मौके पर पहुंचा और उससे पूछताछ की। मगर युवक वीआइपी की सिफारिश के चक्कर में चौधर में आ गया और शिक्षकों के साथ बहस करने पर उतर आया।
इसके बाद शिक्षकों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया और उक्त युवक के माता-पिता को भी फोन कर बुलाया। ऐसे में उक्त युवक और शिक्षकों व पुलिस के बीच काफी नोंकझोंक हुई। मगर कुछ देर बाद उक्त युवक के माता- पिता भी पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों व पुलिस के समने गुहार लगाई और युवक द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार के लिए माफी मांगी। फर्जी युवक भी गुहार लगाने लगा और कहा कि उसका एएफसीआइ के लिए सक्षात्कार है। कालेज प्रशासन ने पुलिस को शिकायत नहीं दी। उक्त युवक जाट कालेज में बीए सेकेंड का छात्र है। सोमवार को सुबह 10 बजे की शिफ्ट में बीए हिंदी का पेपर था। उक्त युवक ने हिंदी का पेपर देने के लिए अपनी जगह दूसरे दोस्त को भेज दिया।
वह युवक पेपर शुरू होने के कुछ देर बाद ही उसे पकड़ गया। इसके बाद उक्त युवक से हस्ताक्षर करवाएं और उत्तर पुस्तिका भी वापस ले ली। हालांकि, कालेज प्रशासन ने उक्त युवक का आइ कार्ड कालेज में जमा करवा लिया है। अब इस मामले को मंगलवार को कालेज प्राचार्या के सामने रखा जाएगा। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।
