
हरियाणा के सोनीपत से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने पति को बर्बाद करने के लिए अपनी दो सहेलियों और एक दोस्त के साथ मिलकर साजिश रची. इसके बाद अपने ही बच्चे का अपहरण कर लिया. मामले का खुलासा होने पर इलाके के लोग सन्न रह गए. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
हरियाणा के सोनीपत के सेक्टर-27 थाना क्षेत्र की जनता कॉलोनी में बीते दिनों अपहरण का एक मामला सामने आया था. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की. इसमें अब सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इस वारदात को अंजाम देने वाली महिला, उसकी दो सहेलियां और एक साथी गिरफ्तार कर लिया गया है.
सहेलियों और दोस्त के साथ मिलकर रची साजिश
गौरतलब है कि जनता कॉलोनी में एक महिला संगीता ने अपनी दो सहेलियों संगीता और माया व दोस्त विशाल के साथ मिलकर अपने ही बच्चे के अपहरण की साजिश रची. इसकी वजह ये थी कि संगीता का उसके पति विजय से लंबे से विवाद चल रहा था. उधर, बच्चे भी विजय के पास रहते थे.
पति विजय को बर्बाद करने की फिराक में थी संगीता
पति पर आगबबूला संगीता विजय को बर्बाद करने की फिराक में थी. इसलिए उसने साजिश रचकर अपने ही बच्चे का अपहरण कर लिया. इसकी शिकायत मिलने पर सोनीपत पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की. इसी दौरान पुलिस ने इस साजिश में शामिल सभी आरोपियों को धर दबोचा और बच्चे को बरामद कर लिया.
आरोपियों से की जा रही पूछताछ
जानकारी देते हुए एसीपी रमेश कुमार ने बताया कि जनता कॉलोनी से बच्चे के अपहरण की शिकायत मिली थी. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में ये बात सामने आई है कि बच्चे की मां ने ही ये साजिश रची थी. उसका पति से विवाद चल रहा था. वो अपने पति को बर्बाद करने की फिराक में थी. सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
NEWS SOURCE : aajtak
