
बस्ती: लॉकडाउन में नौकरी जाने से जीवन में छाए अंधियारे को पुष्पा ने अपनी मेहनत से न सिर्फ दूर किया बल्कि कई और महिलाओं की ताकत भी बनीं. एक निजी स्कूल में पढ़ाने वाली पुष्पा ने नर्सरी खोली और वहां फूलों की खेती शुरू कर दी. शुरू में तो कई दिक्कतें आईं पर पुष्पा रुकी नहीं और आज उनके साथ 50 से अधिक महिलाएं कार्यरत हैं. पुष्पा ने महिला सशक्तिकरण का एक बेहतरीन उदाहरण भी पेश किया है.
बस्ती के कप्तानगंज के बिहरा गांव निवासी पुष्पा गौतम पहले एक निजी विद्यालय में अध्यापन का कार्य करती थीं, लेकिन लॉकडाउन में उनकी नौकरी चली गई . पुष्पा हार मानकर घर नहीं बैठीं, बल्कि फूलों की नर्सरी शुरू की. उनके द्वारा नर्सरी में तैयार गेंदा, गुलाब, कचनार सहित सभी प्रकार के फूल और सोवर प्लांट को लोगों ने खूब पसंद किया, जिससे उनकी अच्छी आमदनी होने लगी. 20 से 130 रुपये तक में बिकने वाले इन पौधों की लोग जमकर खरीदी करने लगे.
हो रही लाखों की इनकम
पुष्पा के पति घर पर ही रहकर खेती-किसानी करते हैं. बच्चों की पढ़ाई-लिखाई से लेकर घर के सभी जरूरी कार्य पुष्पा के ही बल पर चल रहे हैं. नर्सरी की खेती से पुष्पा सालाना 3-4 लाख से अधिक कमा लेती हैं. पुष्पा ने बताया की लॉकडाउन में नौकरी जाने के बाद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सरकार की मदद से उन्होंने नर्सरी चलाने का प्रशिक्षण लिया. नर्सरी के पौधों की मांग सबसे ज्यादा अप्रैल से अगस्त माह में होती है.
50 से अधिक महिलाएं साथ जुड़ीं
पुष्पा ने बताया की आज उनके साथ कई गांवों की 50 से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं. सभी नर्सरी की खेती करके आर्थिक समृद्धि समृद्धि कर रही हैं. पुष्पा का कहना है कि वह नर्सरी के साथ आमदनी तो कर रही हैं, पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दे रही हैं.
NEWS SOURCE : news18
