
महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे (Thane) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. ठाणे जिले में ठाकुरली रेलवे स्टेशन के पास खुद को पुलिसकर्मी बताकर 17 वर्षीय एक लड़की से कथित तौर पर दो लोगों ने रेप (Rape in Thane) किया है. इसके बाद आरोपियों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए इस घटना का एक वीडियो बना लिया. इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना शुक्रवार दोपहर को हुई थी. न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार सहायक पुलिस आयुक्त (डोंबीवली) सुनील कुरहाडे ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक आदतन अपराधी है. सुनील कुरहाडे ने घटना की जानकारी देते हुए आगे बताया कि पीड़िता अपने प्रेमी के साथ टहलने गई थी, जब उन्हें पुलिसकर्मियों के रूप में दोनों ने रोका. इसके बाद लड़की को ठाकुरली रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान जगह पर ले गए. जहां आरोपियों ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया.
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि आरोपियों में से एक ने इस हरकत का वीडियो भी बनाया. साथ ही लड़की को धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे बदनाम करने के लिए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा. पीड़िता की शिकायत के आधार पर डोंबीवली घटना ठाणे के विष्णु नगर इलाके की है. पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 (डी), पोस्को एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. सुनील कुरहाडे ने आगे कहा कि चूंकि यह एक संवेदनशील मामला था, इसलिए पुलिस ने इसकी जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था. खुफिया जानकारी और इनपुट और स्थान के विवरण के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने कहा कि आरोपियों में से एक 25 वर्षीय मजदूर है, जबकि दूसरा 32 वर्षीय एक चाय दुकान का मालिक है. मजदूर एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ विष्णुनगर पुलिस स्टेशन में घर में जबरन घुसने और चोरी करने के कम से कम दो अपराध दर्ज हैं. उन्होंने कहा कि वह उन मामलों में जमानत पर बाहर है.
NEWS SOURCE : news18
