
एजेंसी : राजनैतिक पार्टियों ने अपने-अपने स्तर पर 2024 का लोकसभा चुनाव जीतने के लिए रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। हालांकि भाजपा ने तो यह तैयारी काफी समय पहले से शुरू कर दी थी लेकिन राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस ने भी 2024 का रण जीतने के लिए गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं। फरीदाबाद लोकसभा सीट पिछले दो बार से मोदी लहर के चलते भाजपा की झोली में जाती रही है लेकिन 2024 के चुनाव में इस सीट से भाजपा कांग्रेस की गुगली में फंसती दिखाई दे रही है। कांग्रेस हाईकमान से जुड़े हुए सूत्रों की माने तो पार्टी अबकी बार फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाकर इस सीट पर वापसी करने की मजबूत रणनीति को अमलीजामा पहना सकती है। इलाके के वर्तमान भाजपा सांसद कृष्णपाल गुर्जर पिछले दो बार से लाखों वाटों के अंतर से चुनाव जीतकर तीसरी बार जीत की हैट्रिक बनाने की जुगत में है। लेकिन कांग्रेस पार्टी जैसा कि सम्भावना जताई जा रही है कि ब्राह्मण चेहरे को उतारकर कृष्णपाल की जीत की हैट्रिक में आड़ा लक्कड़ डालने का लगभग मन बना चुकी है। पिछली बार के मुकाबले भाजपा का ग्राफ काफी तेजी से गिरा है। साथ ही वर्तमान सांसद और केंद्र में मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से भी मतदाताओं का एक बड़ा तबका खासा नाराज है।
कांग्रेस जातीय समीकरण को साधते हुए फरीदाबाद से ब्राह्मण चेहरे को उतारकर न केवल अपने परंमपरागत ब्राह्मण वोट को भाजपा से छीनकर कांग्रेस में पुन: जोड़ने की सफलता हासिल कर सकती है बल्कि जाट, ठाकुर, मुस्लिम, एस.सी और ओ.बी.सी की अधिकांश वोट भी ब्राह्मण चेहरे के साथ कांग्रेस की तरफ मुड़ जायेंगी इसमें कोई अतिश्योक्ति भी नहीं होगी। जैसा कि पार्टी के सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के पलवल जिले से ग्रामीण ब्राह्मण चेहरे को प्रत्याशी बनाने का मन बना रही है।
अगर यह निर्णय अमल में लाया जाता है तो पार्टी के लिए यह सीट जीतना और आसान हो जायेगा क्योंकि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के पलवल जिले में अभी तक कांग्रेस पार्टी की टिकट नहीं रही है। कांग्रेस पार्टी के लिए ऐसा करने से पलवल जिले के बहुसंख्यक मतदाता अपने इलाके के प्रत्याशी के साथ जुड़ना पसंद करेंगे इसमें कोई दो-राय भी नहीं होगा। जैसा कि इलाके में आम चर्चा तेजी से फैल रही है कि कांग्रेस के युवा नेता जगजीत शर्मा की लोकसभा क्षेत्र में एकाएक सक्रियता बढ़ने से राजनैतिक पंडित अनुमान लगा रहे हैं कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जगजीत शर्मा कांग्रेस पार्टी के लिए उम्मीदवार के तौर पर पहली पसंद हो सकते हैं। चर्चा आम है कि जगजीत शर्मा को पार्टी के कई शीर्ष नेताओं का आशीर्वाद भी प्राप्त है। पलवल जिले की डागर पाल के बड़े गांव मण्डकौला से ताल्लुक रखने वाले जगजीत शर्मा की इलाके में एकाएक बढ़ी सक्रियता से अंदाजा लगाया जा रहा है कि संभवत: वे ही कांग्रेस पार्टी की तरफ से लोकसभा के सशक्त प्रत्याशी हो सकते हैं।
