
Woman Delivers Momo Twins: मेडिकल साइंस से कई बार हैरान कर देने वाले मामले सामने आते हैं लेकिन शायद प्रकृति से बढ़कर कुछ नहीं है. इसकी बानगी हाल ही में अमेरिका से देखने को मिली है जब एक महिला ने लगातार दो सालों में दो बार जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है. महिला के घर में दो साल के भीतर ही ऐसा हुआ है. यह मामला हाल ही में दुनियाभर में वायरल हुआ जब डॉक्टर्स की स्पेशल टीम ने दावा किया कि इसके क्या कारण हो सकते हैं. उन्होंने इसे एक बेहद दुर्लभ मामला भी बताया है.
कोई सामान्य घटना तो नहीं!
दरअसल, यह घटना अमेरिका के अलबामा की है. इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला का नाम ब्रिटनी है और उनके पति का नाम फ्रेंकी है. उन्होंने साल 2021 में जुड़वां बच्चों (बेटे) लेवी और लुका को जन्म दिया था. इसके बाद अगले ही साल 2022 में नवंबर के महीने में ब्रिटनी ने दोबारा जुड़वां बच्चों को जन्म दिया. इस बार ब्रिटनी ने लिडिया और लिंली नामक दो बेटियों को जन्म दिया था. इसके बाद से यह चर्चा होने लगी कि यह कोई सामान्य घटना तो नहीं है. यह कैसे हुआ होगा.
मोमो ट्विन्स कहा जाता है
इसके बाद इस केस स्टडी के हवाले से डॉक्टरों ने इसका कारण बताया है. इस तरह लगातार जुड़वा बच्चे पैदा होने की प्रक्रिया को मोनोएम्नियोटिक-मोनोकोरियोनिक जुड़वा कहा जाता है. यानी कि मोमो ट्विन्स कहा जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया कि यह एक ऐसी स्थिति है, जिसमें गर्भ में एक ही प्लेसेंटा और अमिटोटिक थैली साझा करते हैं. इस तरह के गर्भावस्था में गर्भपात और डिलीवरी के वक्त बच्चों की मृत्यु जैसी दिक्कतों का जोखिम अधिक हो जाता है.
अस्पताल में 50 दिन बिताए
हैरानी की बात यह भी बताई गई कि ऐसा मामला दुर्लभ है और यह स्थिति 60 हजार लोगों में से सिर्फ एक के पास होने की संभावना रहती है. जब यह घटना नवंबर में सामने आई थी तो ब्रिटनी ने अस्पताल में 50 दिन बिताए थे. उन्होंने खुद कहा था कि ये समय बहुत ही चुनौतीपूर्ण था. इसमें मुझे और हमारे बच्चों पर खतरा था. फिलहाल महिला को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था और अब सब सही सलामत हैं.
कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
फिलहाल महिला और उसके पूरे परिवार की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और अपनी शुभकामनाएं दे रहे हैं. इस कपल ने अपने परिवार और अन्य साथियों को धन्यवाद दिया कि उन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया है. अब सब नॉर्मल हो गया है.
NEWS SOURCE :zeenews
