
नागालैंड में जेडीयू के एकमात्र विधायक ने नीतीश कुमार की सहमति के बिना बीजेपी गठबंधन वाली सरकार को बगैर शर्त समर्थन दे दिया। अब बीजेपी ने इसे लेकर नीतीश कुमार पर तंज कसा है। प्रदेश बीजेपी प्रवक्ता निखिल आनंद ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा है कि नीतीशजी जबसे राजद की गोद में बैठे तबसे जदयू का बुरा दिन आ गया है। उपेंद्र कुशवाहा जी ने टाटा किया। तो नागालैंड में जदयू को लोजपा से सीट-वोट दोनों कम आया। पूरा जदयू पहले ही लोजपा में चला गया अब विधायक बिना बताए भाजपा के साथ हुआ। दिवास्वप्न महाराज को यूटर्न का झटका लग रहा है।
वहीं दूसरी ओर जेडीयू के पूर्वोत्तर मामलों के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खान की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि हमारी पार्टी के नागालैंड राज्य अध्यक्ष ने जेडीयू के केंद्रीय नेतृत्व से परामर्श किए बिना नागालैंड के मुख्यमंत्री को समर्थन पत्र दिया है जो उच्च अनुशासनहीनता और मनमाना कदम है। इसलिए जदयू ने नागालैंड में पार्टी की राज्य समिति को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।
गौरतलब है कि 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल में नागलैंड में संपन्न हुए चुनाव में जेडीयू के ज्वेंगा सेब ने त्सेमिन्यु सीट से जीत हासिल की। उन्होंने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी आरपीआई (आठवले) उम्मीदवार लोगुसेंग सेम्प को 2,563 वोटों से हराया था। जेडीयू ने विधानसभा चुनाव में अपने आठ उम्मीदवार उतारे थे।
NEWS SOURCE : livehindustan
