
फरीदाबाद: संजय कॉलोनी में सोमवार आधी रात के बाद एक बजे एक घर में घुसकर युवक की नुकीली चीज से वारकर हत्या कर दी। उस समय बाकी स्वजन सोए हुए थे और चीख सुनते ही उनकी आंख खुल गई। हत्या करने वाले युवक का मृतक के छोटे भाई ने पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। मुजेसर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम बादशाह खान अस्पताल में कराया। जांच में सामने आया कि विशाल को पांच जगह चोट मारी गई थी। पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में कई क्राइम ब्रांच की टीमें लग गई हैं।
ऐसे हुई घटना
संजय कालोनी, गली नंबर-24 में रहने वाले संतोष भगत ने मुजेसर थाने में दी शिकायत में बताया कि उसके दो बेटे व एक बेटी है। बड़े बेटे का नाम विशाल(18), छोटा बेटा बादल(14) तथा बेटी खुशी(17) है। वह उद्योग में नौकरी करता है। विशाल वहीं निजी स्कूल की 12वीं कक्षा में पढ़ता था। सोमवार आधी रात के बाद एक बजे पत्नी ने फोन कर बताया कि बड़ा बेटा विशाल अपने कमरे में सो रहा था। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर वे सभी जाग गए। विशाल के पास पहुंचे तो वह लहूलुहान पड़ा था। किसी ने घर में घुसकर विशाल की छाती और शरीर के अन्य हिस्से पर नुकीली चीज से चोट मार दी है।
छोटे बेटे बादल ने चोट मारने वाले शख्स को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग गया। विशाल को बादशाह खान नागरिक अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही डीसीपी एनआईटी नरेंद्र कादियान सहित थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और क्राइम ब्रांच डीएलएफ, 65 तथा बड़खल सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंच गई थी। संतोष ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे विशाल की कुछ दिन पहले एक युवक से कहासुनी हुई थी। वह युवक कॉलोनी में ही रहता है। पुलिस टीम उस युवक से पूछताछ करेंगी। पुलिस को भी उसी युवक पर शक है। अब पुलिस की टीमें आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
NEWS SOURCE : jagran
