Self Add

ट्रैफिक पुलिस ने बनाया स्पेशल प्लान, फरीदाबाद में एक महीने तक नहीं लगेगा जाम

IMAGES SOURCE : GOOGLE

फरीदाबाद : स्मार्ट सिटी फरीदाबाद की सड़कों पर अब हल्के वाहन चालकों को एक महीने तक जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। उनकी सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। यातायात पुलिस के मुताबिक पांच जून से 7 जुलाई तक पीक आवर में सुबह सात से 11 बजे तक और शाम के चार बजे से रात नौ बजे तक भारी वाहनों की एंट्री शहर में प्रतिबंधित रहेगी। केवल जरूरी सामान वाले मालवाहक वाहन ही नो-एंट्री के दौरान आवागमन कर सकेंगे।

 

अधिकारियों का कहना है कि इससे जाम के साथ हादसों में भी काफी कम आने की संभावना है। इससे नौकरीपेशा वाले व्यक्तियों की परेशानी दूर होगी। बता दें कि स्मार्ट सिटी को औद्योगिक नगरी के नाम से भी जाना जाता है। यहां की सड़कों पर रोजाना तीन लाख से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। इसके अलावा औद्योगिक नगरी में 25 हजार से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाई है। इनमें 8 लाख से अधिक कामगार काम करते हैं।

 

इन्हें रोजाना सुबह,शाम जाम का सामना करना पड़ता है। शहर में जगह-जगह लग रहे जाम के चलते कई समय पर कंपनी या संबंधित कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं। साथ ही सुबह-शाम की जाम से अस्पताल जाने वाले मरीज भी परेशान होते हैं। जाम में फंसने से उनपर जान का खतरा बना रहता है। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि सुबह और शाम शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में पीक आवर में शहर की अधिकांश प्रमुख सड़कों पर भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन से जाम की स्थिति रहती है। साथ ही हादसे की भी आशंका बनी रहती है। ऐसे में यातायात को सुगम बनाने के लिए एक महीने के लिए भारी मालवाहक वाहनों के लिए नो-एंट्री का समय निर्धारित किया गया है।

 

पहली बार ऐसी व्यवस्था बनाई गई

स्मार्ट सिटी की सड़कों पर भारी वाहनों के लिए अभी तक नो एंट्री नहीं थी। यानी किसी भी सड़क से भारी वाहन आवाजाही कर सकते थे। अलग बात है कि दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में ही एंट्री के लिए समय सीमा निर्धारित की हुई है। दिल्ली बदरपुर बॉर्डर पर ही वाहनों को रोका जाता है।

 

आगरा हाईवे और एनआईटी में आवागमन बंद रहेगा

मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण में शामिल ट्रक, हाईवा, डंपर आदि भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र, जैसे दिल्ली-आगरा हाईवे, एनआईटी आदि क्षेत्रों में आवागमन नहीं कर सकेंगे। शहर के अंदरूनी क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्य व अन्य निर्माण कार्य में शामिल ट्रक, डंपर, ट्राला, ट्रैक्टर आदि वाहन नो-एंट्री के दौरान वाहनों के दबाव वाले मुख्य सड़कों पर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

 

सड़क पर कहीं भी वाहन खड़े नहीं कर सकेंगे

एक महीने के लिए घोषित नो-एंट्री के दौरान भारी मालवाहक वाहन चालक जहां-जहां वाहन खड़ा नहीं कर सकेंगे। वह ट्रांसपोर्ट नगर या उन जगहों पर अपना वाहन खड़ा कर सकेंगे,जहां अन्य वाहनों का आवागमन नहीं होता है। नो-एंट्री के दौरान हाईवे के सर्विस रोड पर भी वाहन पार्क करना प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन करने पर वाहन चालकों पर कार्रवाई होगी।

 

यह समय है निर्धारित

पुलिस के अनुसार डीसीपी ट्रैफिक अमित यशवर्धन के निर्देश पर 5 जून सोमवार से सड़क सुरक्षा पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस बाबत 5 जून से 7 जुलाई तक सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम के 4 बजे से रात के 9 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री शहर में प्रतिबंधित रहेगी। केवल आवश्यक वस्तुओं जैसे फल, सब्जी, दूध, दवाई, फ्यूल इत्यादि ले जाने वाले वाहनों को आवागमन में छूट मिलेगी।

 

NEWS SOURCE : livehindustan

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like
kartea