
फरीदाबाद: स्मार्ट सिटी में पार्किंग माफियाओं का राज जारी है। सूत्रों की मानें तो इनके द्वारा महीने में 10 से 15 लाख रुपये का अवैध पार्किंग का कारोबार किया जा रहा है। माफिया होटल, नर्सिंगहोम, ऑफिस,मंडी और बाजारों समेत 50 से अधिक जगहों पर अवैध पार्किंग स्टेंड बनाकर रोज हजारों वाहनों से वसूली कर रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) की टीम एक महीने में तीन अवैध पार्किंग पकड़ भी चुकी है। बावजूद नगर निगम या संबंधित विभाग के अधिकारी सुस्त हैं। लोगों का आरोप है कि विभाग के द्वारा लोगों के लिए वैध पार्किंग की व्यवस्था नहीं की जा रही है। इससे माफियाओं के हौसले बढ़ रहे हैं।
बता दें कि 8 जून को सीएम फ्लाइंग की टीम ने अवैध पार्किंग को लेकर एक बड़ा खुलासा किया था। डबुआ सब्जी मंडी में चल रहे पार्किंग स्थल से अवैध वसूली की जा रही थी। अधिकारियों अनुसार पार्किंग के नाम पर संचालक सरकार को हर महीने 15 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा रहे थे। वह मंडी में आने वाले वाहनों से 10,20,30 रुपये के बजाय 40 रुपये से अधिक की वसूली कर रहे थे। साथ ही मंडी में पहुंचने वाले 1500 रेहड़ी वालों से रोजाना 20 से 30 रुपये वसूली की जाती थी। यहां तक कि कोई इसका विरोध करता था तो उसे डराया-धमकाया जाता था। मारपीट की जाती थी और कहा जाता था कि उनकी उच्चाधिकारियों-राजनेताओं तक पहुंच है। उनका कुछ नहीं बिगड़ सकता। लिहाजा एक पीड़ित की शिकायत मिलने पर टीम ने कार्रवाई की और अवैध वसूली करने वाले पार्किंग संचालक के खिलाफ डबुआ थाना में मामला दर्ज कराया।
मई में पकड़े गए थी दो अवैध पार्किंग
सीएम फ्लाइंग की टीम ने पिछले महीने सेक्टर-19 व सेक्टर-20 स्थित एक मॉल के पास अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की थी। दोनों पार्किंग एचएसवीपी की जमीन पर अवैध रूप से सालों से चल रहे थे। पार्किंग संचालक वाहन चालकों से पर्ची काटकर पैसे वसूलते थे।
———
घंटे के आधार पर वसूला जा रहा शुल्क
जानकारी के अनुसार अवैध पार्किंग स्थल पर घंटे का रेट फिक्स है। अवैध पार्किंग संचालक साइकिल-बाइक चालकों से एक घंटे की पार्किंग के लिए 10 से 20 रुपये वसूलते हैं। जबकि कार चालक से 30 से 40 रुपये वसूले जाते हैं। एक घंटे से अधिक समय तक वाहन पार्क करने पर 50 से 60 रुपये लिए जाते हैं।
यहां-यहां हो रही वसूली
जानकारी के अनुसार सेक्टर-12, अस्पातल,सेक्टर-19, मथुरा रोड स्थित मॉल, मेट्रो मोड़, सेक्टर-16-17,बल्लभगढ़ बस स्टेंड और एनआईटी बस स्टेंड के आसपास, बैंक, नर्सिंग होम,होटल आदि कई ऐसे जगह हैं। जहां खुलेआम अवैध पार्किंग चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक-एक पार्किंग से रोज 5 से 10 हजार तक आय होती है।
——–
शहर में कहीं नहीं है पार्किंग की व्यवस्था
जानकारी के अनुसार शहर में नगर निगम कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। पहले रोज गार्डन व टाउन पार्क में ही वैध पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। लेकिन बताया जा रहा है कि वह भी बंद हो गए हैं। ऐसे में लोगों मजबूरन सड़क किनारे या अवैध पार्किंग में वाहन पार्क करने पड़ते हैं। इससे वाहन चोरी की भी आशंका बनी रहती है।
——–
ऐसे पहचाने पार्किंग वैध है या अवैध
-नगर निगम की पार्किंग में स्पष्ट बोर्ड लगा होता है।
– पार्किंग के कर्मचारी ने यूनिफॉर्म पहनी होती है।
– कर्मचारी के गले में नगर निगम का आईडी होता है।
– दिए जाने वाले पर्ची में निगम का लोगो लगा रहता है।
– पार्किंग स्थल पर अवैध वसूली की शिकायत करने के लिए हेल्पलाइन नंबर लिखा रहता है।
———–
वर्जन-1
अगर शिकायत मिलेगी तो अवैध पार्किंग संचालकों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग की टीम जरूर कार्रवाई करेगी। बीते एक महीने में टीम ने पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। लोगों से अपील है कि वह अवैधरूप से चल रहे पार्किंग की शिकायत सीएम फ्लाइंग में करें।
– राजेश चेची, डीसीपी, सीएम फ्लाइंग।
———-
शहर में अभी कहीं भी पार्किग की व्यवस्था नहीं है। पार्किंग की व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। बहुत जल्द लोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
-नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
NEWS SOURCE : livehindustan
