
दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले में अब सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने जरूरी होंगे। इसके लिए प्रशासन ने सभी अधिकारियोंं को इस पर जल्द अमल करने के आदेश दिए हैं। जिले में नशा मुक्ति के लिए स्टेट एक्शन प्लान पर काम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद जिले में मंगलवार को नशा मुक्ति को लेकर अधिकारियों की बैठक की गई। इसमें एडीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने जरूरी होंगे। एडीसी ने कहा कि जिले में नशा मुक्ति के लिए स्टेट एक्शन प्लान पर काम किया जाएगा। इसके लिए सरकारी विभिन्न विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल करेंगे। नशा बिक्री के केंद्रों की जानकारी लेकर उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराजिता ने अधिकारियों से कहा कि पूरे जिला में यह पता करें कि कहां-कहां नशे के अधिक मामले सामने आ रहे हैं और उन लोगों को किस तरह से इलाज देकर सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार उन्हें मदद की जा सकती हैं। इसके साथ ही नशा मुक्ति केंद्रों में जाकर यह रिपोर्ट प्राप्त करें कि लोग अधिक नशा किस नशीले पदार्थ से कर रहे हैं और उनके सोर्स क्या हैं।
उन्होंने कहा कि छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही उसी समय धाकड़ कार्यक्रम को गंभीरता से लागू करें। प्रत्येक कक्षा में पांच बच्चों को तैयार करें और उनके उपर कक्षा अध्यापक और फिर प्राचार्य की टीम बनाएं। यह टीम यह पता करेगी कि कहीं बच्चे किसी नशे का शिकार तो नहीं हो रहे। यह भी जानकारी इकट्ठा करें कि नशा कोई पनवाड़ी, केमिस्ट, चायवाला या अन्य व्यक्ति तो नहीं बेच रहा।
वार्डों में चलेगा अभियान
एडीसी अपराजिता ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए गांवों व वार्डों में जागरूकता अभियान चलाना है और नशा बेचने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी है। इसके लिए स्टेट एक्शन प्लान को गंभीरता से लागू करना होगा। एडीसी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा नशा रोको अभियान चलाया गया है। जोकि आगामी 26 जून को यूएन दिवस के अवसर पर हमें इस अभियान को और अधिक तेज करना है।
NEWS SOURCE : livehindustan
