
बल्लभगढ़: बल्लभगढ़ की मुख्य सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था पिछले काफी समय से चौपट है। इस कारण जहां मंडी के आढ़ती काफी परेशान हैं, वहीं मंडी में आने वाले खरीदारों को भी गंदगी का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं मंडी की सीवर लाइन भी अक्सर बंद रहती है, इस कारण थोड़ी सी बारिश होते ही मंडी में पूरी तरह जलभराव हो जाता है। आढ़तियों का आरोप है कि अनेक बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती है।
मार्केटिंग बोर्ड हरियाणा ने शहर की प्रमुख सब्जी मंडी व अनाज मंडी को वर्ष 2002 में शुरू किया था, लेकिन मंडी में आज तक सफाई व्यवस्था व सीवर व्यवस्था की कोई उचित व्यवस्था नहीं कराई गई है। सफाई व्यवस्था पर करीब डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह खर्च किए जाने के बावजूद सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। मंडी के आढ़तियों ने बताया कि आढ़त के पिछले भाग में गंदगी का पूरी तरह सम्राज्य बना हुआ है। जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। दो शेड के आसपास पूरी तरह गंदगी फैली हुई है। इसके अलावा आढ़ती ने बताया कि मंडी में कई सीवर के मैनहॉल टूटे पड़े हैं। इसके अलावा आढ़तियों ने बताया कि सीवर लाइन अक्सर जाम रहती है।
इस कारण अक्सर सीवर का गंदा पानी ओवरफ्लो मारता है। कई बार तो गंदा पानी रोड पर जमा हो जाता है। खासकर बारिश के दिनों में सीवर जाम होने से पानी की निकासी भी नहीं होती है। आढ़तियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से काफी परेशानी होती है।
आढ़तियों का कहना
सत्यपाल यादव, सब्जी मंडी प्रधान : सब्जी मंडी की सफाई और सीवर व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। जिस कारण काफी परेशानी होती है। कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
सुनील सैनी, आढ़ती : मेरी दुकान के पीछे गंदगी ही गंदगी है। जहां पर सफाई कर्मचारी महीनों में दिखाई देते हैं। इस कारण आढ़त पर बैठना भी दुष्वार हो रहा है।
मनोज, आढ़त मैनेजर : हमारी आढ़त के पीछे काफी गंदगी है। कई बार शिकायत कर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।
वर्जन:::
लेखराज, मार्केट कमेटी अधिकारी : सफाई की जिम्मेदारी मार्केट कमेटी की है, लेकिन कुछ लोगों का भी सहयोग जरूरी है। लोग जहां-तहां गंदगी फेंक देते हैं। इस कारण गंदगी नजर आती है। बावजूद इसके और ज्यादा ख्याल रखा जाएगा। जहां गंदगी है, उसे साफ करा दिया जाएगा।
NEWS SOURCE : livehindustan
