
दरभंगा जंक्शन से शनिवार को सुबह 08.30 बजे नयी दिल्ली के लिए रवाना हुई बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस उस समय अफरातफरी मच गई जब ट्रेन की एक बोगी में आग लग गई। ट्रेन की ब्रेक बाइंडिंग से घर्षण के कारण धुआं उठने लगा। इससे कुछ देर के लिए पूरे ट्रेन अफरातफरी मची रही। घटना हायाघाट और थलवारा स्टेशन के बीच की बतायी जा रही है। हालांकि फिलहाल रेलवे के कोई अधिकारी इस घटना की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ट्रेन खुलने के आधा घंटा बाद सुबह करीब नौ बजे हायाघाट और थलवारा स्टेशन के बीच बिहार संपर्क क्रांति के इंजन के पीछे चौथी बोगी में ब्रेक बाइंडिंग में घर्षण के कारण अचानक धुआं उठने लगा। इसे देख यात्रियों में अफरातफरी मच गयी। यात्रियों को जब ट्रेन में आग महसूस हुआ तो गाड़ी के रुकते ही आनन फानन में यात्री ट्रेन से बाहर निकल गए। यह देख रेल फाटक का गेटमैन तुरत घटनास्थल पर पहुंचा। उसने खुद से ब्रेक बाइंडिंग को ठीक कर दिया। इससे पहले पूरे ट्रेन में कुछ समय तक अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस दौरान किसी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
ब्रेक बाइंडिंग ठीक हो जाने के बाद ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गयी। इस दौरान करीब 10 मिनट तक ट्रेन वहां रुकी रही। हालांकि इस घटना से कोई क्षति नहीं हुई है। हालांकि मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। ट्रेन खुल जाने के बाद सभी अपने अपने घरों के लिए रवाना हुए। लोगों ने स्थानीय थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
