
हरियाणा के ग्रेटर फरीदाबाद के गांव भतोला में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब कांवड़ यात्रा के दौरान पिकअप गाड़ी पर रखे डीजे में करंट आ गया। इस घटना में करंट लगने से एक 10 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि हादसे में करीब पांच लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि डीजे में करंट आने से मरने वाले बच्चे की पहचान 10 वर्षीय तानिश के रूप में हुई है। वहीं, झुलसे हुए लोगों को इलाज के लिए नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खेड़ीपुल थाना की पुलिस करंट लगने के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सावन महीने में कांवड़ यात्रा पर जाने से पहले कांवड़ियों की डीजे लगी गाड़ी से गांव की फेरी लगाई जा रही थी। दिनेश नामक युवक तारों को हटाने के लिए गाड़ी के ऊपर बैठ गया था, तभी उसका सिर तार से टकरा गया। इससे अर्थ बनने के कारण करंट फैल गया। इस घटना में एक बच्चे की मौत हो गई और 5 अन्य लोग भी झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने करंट से झुलसे सभी लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे तानिश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य लोगों का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : livehindustan
