
फरीदाबाद। बुधवार को जींद में आयोजित जेजेपी महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक में विधायक नैना सिंह चौटाला ने हरमीत कौर को तीसरी बार महिला जिलाध्यक्ष बनने का नियुक्ति पत्र दिया। बैठक में जेजेपी की महिला प्रदेश पदाधिकारी, सभी 22 जिलों की महिला जिला अध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेत्री भी मौजूद रही। हरमीत कौर ने बताया कि विधायक नैना सिंह चौटाला ने कहा है कि जेजेपी प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर एक सखी नियुक्त करेगी और इसके लिए पार्टी द्वारा ‘एक बूथ एक सखी’ अभियान जारी है। नैना चौटाला ने मार्गदर्शन दिया है कि जब प्रदेश के हर बूथ पर एक बूथ सखी संगठन के पक्ष में लोगों को जेजेपी की नीतियों के बारे में जागरूक कर मत के लिए प्रचार करेगी तो संगठन को अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी जिला महिला अध्यक्षों से प्रत्येक गांव के प्रत्येक बूथ पर मेहनती महिलाओं को बूथ सखी नियुक्त करने के निर्देश दिए।
विधायक नैना चौटाला ने निर्देश दिए हैं कि हर महिला पदाधिकारी दिन में तीन घंटे पार्टी के लिए काम करें और प्रत्येक महिला अपने साथ दो महिलाओं को जोड़े। इससे संगठन को मजबूती ही नहीं बल्कि आगामी चुनाव में दुष्यंत चौटाला को मुख्यमंत्री बनने से भी कोई रोक नहीं सकेगा। उन्होंने कहा है कि हर महिला कार्यकर्ता अपने मकानों पर झंडा लगाने का अभियान चलाएं। इससे प्रदेश में जेजेपी का प्रचार होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही सभी विधानसभाओं के एक-एक गांव में हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके लिए जिले में अभी से महिला पदाधिकारियों को तैयारियां शुरू करनी हैं। हरी चुनरी चौपाल का यह दूसरा चरण है और इससे प्रदेश में जेजेपी संगठन में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी।
