
करनाल : हरियाणा के करनाल में एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने नीलोखेड़ी चौकी इंचार्ज को 80 हजार की रिश्वत लेते हुए चौकी में ही रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उसने एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। जानकारी के मुताबिक लुधियाना निवासी शिकायतकर्ता का नीलोखेड़ी के कुछ लोगों से लेनदेने को लेकर झगड़ा हो गया था। इस मामले में जनवरी में शिकायतकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में चौकी प्रभारी एएसआई संजय कुमार पीड़ित की बहन और उसके पिता को फंसाने और जेल भिजवाने का लगातार दबाव बना रहा था। इसके लिए एएसआई ने शिकायतकर्ता से कहा कि वह डिस्क्लोजर रिपोर्ट में उसकी बहन और पिता का नाम नहीं जोड़ेगा। जिसकी एवज में इंचार्ज ने पीड़ित से एक लाख की डिमांड की थी। ASI के लगातार दबाव बनाने से शिकायतकर्ता काफी दुखी हो गया था।
नोटों पर लगाया था पाउडर
गुरुवार शाम को टीम ने शिकायतकर्ता को 80 हजार रुपए लेकर संजय कुमार को देने के लिए भेजा। नोटों पर पाउडर लगा हुआ था। जैसे ही एएसआई ने रकम पकड़ी तो टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
NEWS SOURCE : punjabkesari
