
पानीपत: शहर के सेक्टर 25 -29 में बाइक सवार कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगड़ने का प्रयास किया। बाइकों पर आए करीब 20-25 युवकों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों की दुकानों पर तोड़फोड़ की और वाहनाें को क्षति पहुंचाई। इसके बाद वे फरार हो गए। इन लोगों ने चेहरा ढ़क रखा था और केसरिया पटके ले रखे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के थाना चौकी व सीआईए की टीम में मौके पर पहुंची है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे हैं। जांच की जा रही है।
पुलिस पूरे क्षेत्र में जांच कर रही है। अभी पता नहीं चला है कि ये युवक कौन थे। घटनास्थल पर हमलावरों की एक बाइक का नंबर प्लेट गिर गया है और यह पानीपत का नंबर है। दरअसल, पानीपत में पिछले कुछ दिनों से माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो रही है। इससे पहले वीरवार को भी धमीजा कालोनी में देर रात बाइको पर आए कुछ युवकों ने एक चिकन कार्नर पर तोड़फाेड़ की थी और कारों को नुकसान पहुंचाया था।
बाइकों पर पहुंचे 20-25 लोगों ने दुकानों में की तोड़फोड़
दिन में करीब साढ़े 12 बजे 20-25 लोग बाइकों पर पहुंचे और धार्मिक नारा लगाते हुए क्षेत्र में मुस्लिमों की दुकानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इन युवकों ने दुकानों और उसके आसपास मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की। कुछ तक तोड़फोड़ के बाद हमलावर भाग गए। इन दौरान दुकानों के शीशे के टुकड़े लगने से वहां मौजूद कुछ महिलाएं भी घायल हो गईं।
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पूरे शहर में हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है और जांच की जा रही है। इस घटना से सेक्टर 25-29 एरिया में दहशत का माहौल है। आसपास के क्षेत्र में भी लोग सतर्क हो गए हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कुछ शरारती तत्व शहर में माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। इसके प्रति सभी को सतर्क रहना चाहिए।
दो दिन पहले भी की गई थी तोड़फोड़
बता दें कि वीरवार को देर रात धमीजा कालोनी में कुछ बाइक सवार युवकों ने एक मुस्लिम के चिकन कार्नर पर तोड़फोड़ की थी और ईंटें व पत्थर फेंके थे। इन शरारती तत्वों ने कालोनी में लगी दो कारों को भी नुकसान पहुंचाया था। उन्हाेंने एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया था। लोगों के जमा हो जाने के बाद शरारती तत्व भाग गए थे। इस घटना में शामिल लोगों को पकड़ने में पुलिस अब तक सफल नहीं हो पाई है। अब आज हुई घटना से शहर के लोगों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि शरारती तत्वोंं से सख्ती से निपटा जाएगा और इनको शहर का माहौल बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा।
NEWS SOURCE : jagran
