
फरीदाबाद। डबुआ-पाली रोड इलाके में एक फैक्टरी के पूर्व कर्मचारी ने फैक्टरी में घुसकर एक कर्मचारी पर रॉड से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। इसके बाद आरोपी कर्मचारी फरार हो गया। डबुआ थाना पुलिस ने फैक्टरी मालिक जीत कुमार की शिकायत पर पूर्व कर्मचारी बनारस के गोपपुर गांव निवासी उदय प्रताप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कर्मचारी 10 दिन पहले काम छोड़कर चला गया था। 29 अगस्त को डबुआ-पाली रोड इलाके में सांची टूल्स नामक फैक्टरी में काम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी लोहे की रॉड लेकर वहां आ पहुंचा। इस दौरान आरोपी ने फैक्टरी के प्रथम तल पर काम कर रहे हेल्पर आकाश के सिर में रॉड दे मारी। वहीं लात-घूंसों से मारपीट कर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : livehindustan
