
गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-3 स्थित घर में एक 23 वर्षीय युवती पिंकी गुप्ता ने कथित तौर पर गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिंकी गाजीपुर के युवक साकिब के साथ रिलेशनशिप में थी और दोनों 4 साल से वैशाली में एक साथ किराए के कमरे में रहते थे। पुलिस को युवती के कमरे में मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि वह अपने पार्टनर से बहुत प्यार करती है। उससे शादी करना चाहती है, लेकिन उसे उसके प्यार की कद्र नहीं है।
मृतका के परिजनों ने बेटी के लिव इन पार्टनर साकिब और उसके पिता पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कौशांबी थाने के बाहर शव को रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर युवती के पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस आरोपी के पिता पर लगाए गए आरोप की जांच कर रही है।
मृतका पिंकी गुप्ता मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं की रहने वाली थी। वह वैशाली सेक्टर- तीन में गाजीपुर के रहने वाले एक युवक के साथ करीब चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी। वह वैशाली के एक जिम में रिसेप्शनिस्ट का काम करती थी। युवती के भाई ने बताया कि पिछले कुछ समय से उसका पार्टनर व उसके पिता उनकी बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। उसे आत्महत्या के लिए उकसा रहे थे। उनकी बहन उन्हें फोन कर इस बारे में बताती थी। गुरुवार रात करीब 11 बजे उसने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर अत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे नजदीक के अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या से पहले पार्टनर से बात हुई थी
पुलिस जांच में पता चला कि आत्महत्या से पहले युवती व उसके पार्टनर के बीच करीब चार घंटे तक बात हुई थी। पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन व स्मार्टवॉच से इसकी जानकारी मिली है। फोन कटने के कुछ ही मिनट बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका आरोप है कि उसके पार्टनर ने फोन पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके चलते उसने यह कदम उठा लिया। वहीं आरोपी के पिता पर भी आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। वह भी फोन पर उसे लगातार परेशान कर रहा था।
डायरी में लिखा, प्यार की कद्र नहीं
पुलिस को युवती के कमरे से डायरी मिली है। जिसमें उसने 31 अगस्त को लिखा था कि वह अपने पार्टनर साकिब से बहुत प्यार करती है। उससे शादी करना चाहती है, लेकिन साकिब को उसके प्यार की कद्र नहीं है। इसके अलावा पुलिस उसकी कॉल डिटेल, सोशल मीडिया अकाउंट समेत वॉट्सऐप चैट की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद धरना खत्म
युवती के परिजनों आरोपियों पर कार्रवाई के लिए शुक्रवार दोपहर शव को लेकर कौशांबी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी पिता-पुत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मामले में तुरंत केस दर्ज कर आरोपी पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि परिजनों को गिरफ्तारी को लेकर विश्वास नहीं हो रहा था। उन्होंने खुद थाने के हवालात में पहुंचकर आरोपी को देखा। इसके बाद धरना को खत्म किया।
– स्वतंत्र कुमार सिंह, एसीपी, इंदिरापुरम, ”जांच में सामने आया है कि युवती चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।”
NEWS SOURCE : livehindustan
