
गुरुग्राम: धनकोट के एक युवक ने शराब के नशे में बादशाहपुर थाना प्रभारी को फोन कर दिया। इसके बाद उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कहा कि मैं तुम्हें खा जाऊंगा। थाना प्रभारी के बार-बार समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो थाने में आरोपित युवक के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बादशाहपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार की तरफ से दर्ज कराई शिकायत के अनुसार वह शुक्रवार शाम ट्यूलिप चौक के नजदीक ड्यूटी पर थे। उनके साथ एएसआइ नरेंद्र और हेड कांस्टेबल राकेश कुमार भी मौजूद थे।
फोन लगाकर की थी गाली-गलौज
इसी दौरान एक नंबर से उनके सरकारी फोन पर कॉल आई। जब उन्होंने स्पीकर ऑन कर फोन को सुना तो फोन करने वाला युवक गाली-गलौज करने लगा। आरोपित युवक ने कहा कि उसने पुलिस के पास ही फोन मिलाया है। उसने थाना प्रभारी को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कहा कि वह जहां कहीं भी बैठे हैं वह उन्हें वहीं आकर खा जाएगा। इस पर थाना प्रभारी ने थाने में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। फोन करने वाले नंबर की जांच करने पर पता चला कि यह नंबर धनकोट के विक्रम के नाम पर रजिस्टर्ड है। थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। विक्रम ने पूछताछ में शराब के नशे में गाली-गलौज करने की बात स्वीकार की।
NEWS SOURCE : jagran
